एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में अधजले शव की हत्या का खुलासा, एक अभियुक्त गिरफ्तार
रांची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम टोनको स्थित खदान तालाब के पास 19 सितंबर 2025 को सुबह करीब 06:30 बजे एक अधजले शव की सूचना मिली। सूचना के आधार पर एयरपोर्ट थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को सुरक्षित कब्जे में लेकर फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) टीम के साथ घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। मृतक की पहचान पटेल नगर, हटिया निवासी प्रशांत कुमार, पिता प्रदीप कुमार शर्मा के रूप में उनके परिजनों द्वारा की गई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
घटना के खुलासे के लिए पुलिस उपाधीक्षक, हटिया के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। मृतक के भाई प्रवीण कुमार के लिखित आवेदन के आधार पर एयरपोर्ट थाना में कांड संख्या 40/25, दिनांक 20 सितंबर 2025 को धारा 103(1)/238(a)/3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

जांच के दौरान पटेल नगर निवासी राहुल राय, पिता जितेंद्र प्रसाद को संदिग्ध पाया गया। पूछताछ के लिए राहुल राय को हिरासत में लिया गया, जहां उसने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर प्रशांत कुमार की पत्थर से कुचलकर हत्या करने की बात कबूल की। अभियुक्त के बयान के आधार पर पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त खून से सना पत्थर, मोटरसाइकिल और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद किए।















