पंडरा ओपी में तोड़फोड़ मामले में 8 आरोपी को किया गया गिरफ्तार
रांची के पंडरा थाना क्षेत्र में सड़क हादसे के बाद भड़की हिंसा और पुलिस ओपी में तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि पंडरा ओपी क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था। घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई।

मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने इस घटना से आक्रोशित होकर सड़क पर हंगामा शुरू कर दिया। भीड़ में शामिल कुछ उपद्रवियों ने पंडरा ओपी में घुसकर फर्नीचर, गमले और अन्य सामानों को तोड़ दिया। इसके साथ ही पुलिसकर्मियों पर भी हमला किया गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया, जिसके बाद उपद्रवियों पर काबू पाया जा सका।

सिटी एसपी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की गई और 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने इस घटना के संबंध में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

















