झारखंड राज्य स्थापना के 25वीं रजत जयंती वर्ष : तीसरे दिन 52,794 बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
रांची : झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के तत्वावधान में चल रहे “झारखंड राज्य की 25वीं रजत जयंती वर्ष – विरासत, प्रगति और आकांक्षाओं के उत्सव” के तीसरे दिन आज राज्य भर के सरकारी एवं आवासीय विद्यालयों में उत्साह का माहौल रहा।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!आज प्रखंड स्तर पर क्विज, निबंध लेखन, नृत्य, संगीत, नाटक, कहानी लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ, जिसमें कुल 52,794 विद्यार्थियों** ने हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रखंड स्तर पर चयनित प्रतिभागी अब जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे।
सुबह सभी सरकारी एवं आवासीय विद्यालयों में विशेष प्रातःकालीन सभा आयोजित की गई। इन सभाओं में राज्य के लगभग 30.8 लाख विद्यार्थियों ने भाग लिया और झारखंड आंदोलन के महापुरुषों एवं शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। बच्चों को राज्य के गौरवमयी इतिहास, समृद्ध जनजातीय संस्कृति, कला-पारंपरा और स्वतंत्रता संग्राम में झारखंड के योगदान से अवगत कराया गया।
रजत जयंती उत्सव के चौथे दिन यानी 14 नवंबर 2025 को सभी 24 जिलों में जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। साथ ही सभी जिला, प्रखंड एवं स्कूल स्तर पर सेमीनार का आयोजन होगा, जिसमें झारखंड के 25 वर्षों की विकास यात्रा, राज्य आंदोलन के महापुरुषों एवं आंदोलनकारियों का जीवन एवं समर्पण, झारखंड की भौगोलिक एवं सांस्कृतिक विरासत और राज्य की समृद्ध कला एवं संस्कृति विषयों पर चर्चा की जाएगी। 14 नवंबर को ही सभी स्कूलों में विशेष प्रभात फेरी भी निकाली जाएगी।
राज्य स्थापना दिवस 15 नवंबर 2025 को जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। झारखंड शिक्षा परियोजना इस पूरे आयोजन के माध्यम से बच्चों में राज्य के प्रति गर्व, इतिहास बोध और सांस्कृतिक चेतना जागृत करने का प्रयास कर रही है। रजत जयंती उत्सव पूरे राज्य में उत्साह और उमंग के साथ मनाया जा रहा है।

















