राजा-सोनम के बाद एक और हनीमून ट्रेजेडी : सिक्किम में हनीमून पर गए यूपी के नवविवाहित जोड़े लापता, तलाश जारी
इंदौर के राजा-सोनम रघुवंशी मामले की गूंज अभी थमी भी नहीं थी कि उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ से एक और हनीमून ट्रेजेडी ने देश को झकझोर दिया है। प्रतापगढ़ के नवविवाहित जोड़े कौशलेंद्र प्रताप सिंह और अंकिता सिंह, जो हनीमून मनाने सिक्किम गए थे, पिछले 11 दिनों से लापता हैं। पुलिस, एनडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन उनकी तलाश में जुटे हैं, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!कौशलेंद्र और अंकिता की शादी 5 मई 2025 को हुई थी। शादी के महज 15 दिन बाद, 25 मई को दोनों हनीमून के लिए सिक्किम रवाना हुए थे। अंकिता के पिता विजय सिंह ने बताया कि 29 मई को बेटी से उनकी आखिरी बात हुई थी, जिसमें वह बेहद खुश लग रही थी। इसके बाद से दोनों का कोई अता-पता नहीं है। परिवार का कहना है कि जिस वाहन में दोनों सवार थे, वह खाई में गिर गया हो सकता है, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
लापता जोड़े के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। विजय सिंह ने सरकार से बेटी और दामाद की सुरक्षित वापसी के लिए गुहार लगाई है। सिक्किम पुलिस, एनडीआरएफ और स्थानीय लोग खाई और आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं, लेकिन खराब मौसम और दुर्गम इलाका जांच में बाधा डाल रहा है।
सिक्किम पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है। वाहन के खाई में गिरने की आशंका के आधार पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, लेकिन अभी तक न तो वाहन मिला है और न ही जोड़े का कोई सुराग। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से किसी भी जानकारी को साझा करने की अपील की है।
इस घटना ने इंदौर के राजा-सोनम मामले की याद दिला दी, जहां हनीमून के लिए शिलांग गए राजा रघुवंशी की हत्या हो गई थी और उनकी पत्नी सोनम को गाजीपुर से गिरफ्तार किया गया था। सोशल मीडिया पर लोग इस नए मामले को लेकर आशंका जता रहे हैं और इसे राजा-सोनम मामले से जोड़कर देख रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “अब बस ये मामला ‘सोनम’ जैसा न हो।”
















