लालू प्रसाद यादव ने 78वें जन्मदिन पर तलवार से काटा 78 किलो का लड्डू केक, समर्थकों में उत्साह
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सुप्रीमो और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने आज अपना 78वां जन्मदिन धूमधाम से मनाया। इस खास अवसर पर पटना स्थित उनकी पत्नी और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास पर 78 किलो के लड्डू केक को तलवार से काटा गया। इस आयोजन में राजद कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी, जो ढोल-नगाड़ों और नारों के साथ उत्सव में डूबे रहे।
लालू यादव के जन्मदिन को सामाजिक न्याय एवं सद्भावना दिवस के रूप में मनाया गया। उनके आवास पर सुबह से ही शुभकामनाएं देने वालों का तांता लगा रहा। कार्यकर्ताओं ने मिठाइयों की टोकरियां, रसगुल्ले, लड्डू और खास तौर पर 78 किलो का लड्डू केक भेंट किया, जिसे लालू ने पारंपरिक अंदाज में तलवार से काटा। इस दौरान उनके साथ उनकी बेटी मीसा भारती और नाती-नातिन भी मौजूद थे, जिन्होंने उत्सव में चार चांद लगाए।
लालू के जन्मदिन के अवसर पर राजद कार्यालय को रंग-बिरंगी रोशनी और लालटेन से सजाया गया। पार्टी ने बिहार के सभी 38 जिलों में गरीबों और दलितों के बीच भोजन वितरण, पठन सामग्री वितरण और पौधारोपण जैसे सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए। कार्यकर्ताओं ने लालू यादव जिंदाबाद के नारे लगाए और उनके सामाजिक न्याय के संघर्ष को याद किया।
हालांकि, इस जश्न में उनके बड़े बेटे तेज प्रताप यादव की अनुपस्थिति चर्चा का विषय रही। तेज प्रताप को हाल ही में लालू ने पार्टी और परिवार से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया था। फिर भी, तेज प्रताप ने एक दिन पहले सोशल मीडिया पर अपने पिता की तस्वीर साझा कर लिखा, “अंधेरा जितना गहरा होगा, सुबह उतनी ही नजदीक होगी।”


















