इंदौर के राजा रघुवंशी हत्याकांड में नया मोड़: तंत्र-मंत्र और मंगल दोष का सनसनीखेज दावा
इंदौर के कारोबारी राजा रघुवंशी की मेघालय में हनीमून के दौरान हुई रहस्यमय हत्या के मामले में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं। इस हत्याकांड ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है, और अब इसमें तंत्र-मंत्र और मंगल दोष का एंगल सामने आया है, जिसने इस केस को और भी पेचीदा बना दिया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!राजा रघुवंशी की मां उमा रघुवंशी ने सनसनीखेज दावा किया है कि उनकी बहू सोनम रघुवंशी और उसका परिवार तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास में गहरी आस्था रखता था। उमा ने कहा कि सोनम की कुंडली में उच्च का मंगल दोष था। संभवतः उसने इस दोष को खत्म करने के लिए राजा से शादी की और फिर सुनियोजित तरीके से उसकी हत्या करवा दी। मेरे बेटे को मानव बलि बना दिया गया। उन्होंने यह भी बताया कि सोनम के परिवार ने शादी के लिए जल्दबाजी दिखाई थी, और अब उन्हें लगता है कि यह सब एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा था।
मेघालय पुलिस ने इस मामले में सोनम रघुवंशी को मुख्य आरोपी बताया है। पुलिस के अनुसार, सोनम ने अपने कथित प्रेमी राज कुशवाहा और चार भाड़े के हत्यारों के साथ मिलकर राजा की हत्या की साजिश रची थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि राजा के सिर पर दो बार धारदार हथियार (दाओ) से वार किया गया, जिससे उनकी मौत हुई। सोनम को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से गिरफ्तार किया गया।
मेघालय पुलिस अब सोनम और अन्य आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर शिलांग ले जा रही है, जहां गहन पूछताछ होगी। इस मामले में हर नए खुलासे के साथ सवाल बढ़ रहे हैं कि क्या यह हत्या सिर्फ प्रेम और लालच की कहानी है, या इसके पीछे तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास की कोई गहरी साजिश है?
















