झामुमो ने भाजपा पर साधा निशाना: "महिला सुरक्षा पर घड़ियाली आंसू बहा रही भाजपा"

झामुमो ने भाजपा पर साधा निशाना: “महिला सुरक्षा पर घड़ियाली आंसू बहा रही भाजपा”

Share
Link copied

रांची : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर महिला सुरक्षा के मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला है। पांडेय ने कहा कि भाजपा को महिलाओं के मुद्दों पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है, क्योंकि वह उन राज्यों में चुप्पी साध लेती है जहां उसकी अपनी सरकारें हैं और वहां महिलाओं के खिलाफ अपराध के आंकड़े झारखंड से कहीं अधिक हैं।

पांडेय ने कहा कि झारखंड में डायन प्रथा जैसी सामाजिक कुप्रथाओं के खिलाफ सबसे पहले झामुमो ने आवाज उठाई और इसके लिए कड़े कानून बनवाए। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार इन मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रही है और हर पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।

भाजपा पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए पांडेय ने सवाल किया कि हाथरस, उन्नाव और मणिपुर जैसी घटनाओं पर भाजपा ने चुप्पी क्यों साधी? उन्होंने कहा कि भाजपा को पहले अपने शासित राज्यों में कानून-व्यवस्था और महिलाओं की स्थिति सुधारने पर ध्यान देना चाहिए।

पांडेय ने हेमंत सोरेन सरकार के प्रयासों का जिक्र करते हुए कहा कि झारखंड में महिला सुरक्षा के लिए कई ठोस कदम उठाए गए हैं। इनमें महिला पुलिस बल की संख्या में वृद्धि, महिला हेल्पलाइन को मजबूत करना और फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से लंबित मामलों का तेजी से निपटारा शामिल है।

उन्होंने भाजपा से संवेदनशील मुद्दों पर राजनीति करने के बजाय सकारात्मक सहयोग करने की अपील की। पांडेय ने कहा, “महिला सम्मान के नाम पर झूठा विमर्श गढ़कर भाजपा जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है, लेकिन झारखंड की जागरूक जनता सच जानती है और झामुमो सरकार पर पूरा भरोसा करती है।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि जनता के आशीर्वाद से ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को लगातार दूसरी बार राज्य की बागडोर सौंपी गई है।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow