रामरेखा धाम में भव्य कांवड़ यात्रा, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा परिसर
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा : सावन की तीसरी सोमवारी के पावन अवसर पर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल पाकरटांड प्रखंड के तत्वावधान में रामरेखा धाम में एक भव्य और ऐतिहासिक कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा केशलपुर स्थित शंख नदी से शुरू होकर रामरेखा धाम तक पदयात्रा के रूप में निकाली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालु, जिसमें स्त्री-पुरुष, युवक-युवतियां और बच्चे शामिल हुए, उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कांवड़ यात्रा में श्रद्धालुओं ने शंख नदी से पवित्र जल भरकर “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के गगनभेदी नारों के साथ पैदल चलकर रामरेखा धाम पहुंचे और भगवान महादेव पर जलाभिषेक किया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने गुफा में विराजमान अन्य विग्रहों के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
आयोजन को भव्यता प्रदान करने के लिए प्रखंड समिति के अध्यक्ष राधेश्याम प्रसाद के नेतृत्व में विशाल महाप्रसाद का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। कांवरियों की सुविधा के लिए रास्ते में पेयजल, चिकित्सा और विश्राम की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई। भगवा वस्त्रधारी श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने धाम परिसर को भक्ति और आध्यात्मिकता से सराबोर कर दिया।
विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष एवं रामरेखा धाम के संरक्षक कौशल राज सिंह देव ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि रामरेखा धाम भगवान श्रीराम का ऐतिहासिक स्थल है, जहां उन्होंने वनवास काल में चौमासा व्यतीत किया था। उन्होंने कांवड़ यात्रा को सनातन संस्कृति को एकजुट करने का सशक्त माध्यम बताते हुए इसे विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि करार दिया।
धाम परिसर में मेले का भी आयोजन हुआ, जहां मिठाई, खिलौने और पूजन सामग्री की दुकानों ने श्रद्धालुओं को आकर्षित किया। पुलिस प्रशासन और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दिया। यह आयोजन श्रद्धालुओं की आस्था, सहभागिता और सेवा भावना के कारण अत्यंत प्रेरणादायी और सफल रहा।

















