झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन ने स्कूली छात्रा के अपहरण पर जताई गहरी चिंता, प्रशासन से की सुरक्षा मजबूत करने की मांग
रांची : चुटिया थाना क्षेत्र के सिरमटोली फ्लाईओवर के पास बिशप वेस्टकॉट स्कूल जा रही एक छात्रा के अपहरण की घटना ने रांची शहर को झकझोर कर रख दिया है। यह घटना बुधवार सुबह की है, जब अपराधियों ने काले रंग की हुंडई कार (नंबर JH01 FU 6874) से छात्रा का अपहरण कर लिया। रांची पुलिस की त्वरित कार्रवाई और छापेमारी के दबाव में अपहरणकर्ता घबरा गए और छात्रा को रामगढ़ जिले के कुज्जु में छोड़कर फरार हो गए। पुलिस की तत्परता से छात्रा सुरक्षित घर लौट सकी, जिसके लिए झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन ने पुलिस की प्रशंसा की है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय राय ने इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा, “दिनदहाड़े एक स्कूली छात्रा का अपहरण रांची जैसे शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाता है। इस तरह की घटनाएं अभिभावकों में डर का माहौल पैदा करती हैं। अभिभावक अब अपने बच्चों को स्कूल भेजने से पहले डरने लगे हैं।” उन्होंने सरकार और प्रशासन से मांग की कि स्कूल मार्गों पर विशेष पेट्रोलिंग और सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाए ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
अजय राय ने रांची पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा, “पुलिस की सक्रियता से छात्रा सुरक्षित लौट सकी, जो प्रशंसनीय है। यदि हर मामले में ऐसी तत्परता दिखे, तो अपराधियों के हौसले पस्त होंगे।” उन्होंने अपहरणकर्ताओं की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि स्कूलों और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि अभिभावकों का भरोसा बना रहे और बच्चे सुरक्षित रहें।

















