राजनांदगांव में पुलिस-नक्सली मुठभेड़: 8 लाख के इनामी नक्सली कमांडर गिरफ्तार

राजनांदगांव में पुलिस-नक्सली मुठभेड़: 8 लाख के इनामी नक्सली कमांडर गिरफ्तार

राजनांदगांव : छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई एक तीव्र मुठभेड़ में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। इस ऑपरेशन में 8 लाख रुपये के इनामी नक्सली कमांडर श्रीकांत पुनेम उर्फ सुखनाम पुनेम को जिंदा गिरफ्तार किया गया है। यह मुठभेड़ मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी क्षेत्र के खुर्सेकला-कुर्सेखुर्द जंगलों में बुधवार शाम को हुई।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर आईटीबीपी और डीआरजी की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। शाम करीब 4 बजे, आमाटोला से खुर्सेखुर्द की ओर बढ़ते समय नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभाला और घने जंगल का फायदा उठाकर भाग रहे नक्सलियों में से एक को दबोच लिया। गिरफ्तार नक्सली की पहचान श्रीकांत पुनेम, निवासी सावनार, थाना गंगलूर, जिला बीजापुर के रूप में हुई। वह औंधी-मोहला संयुक्त एरिया कमेटी का सक्रिय कमांडर और प्रतिबंधित माओवादी संगठन डीवीसी का सदस्य है।

पुलिस ने उसके कब्जे से एक 9 एमएम पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, दो खाली खोखे, एक स्मार्टफोन, पावर बैंक, नकद रुपये और माओवादी संगठन के दस्तावेज बरामद किए हैं। पूछताछ में श्रीकांत ने अपनी सक्रिय भूमिका की पुष्टि की है। उसके खिलाफ मदनवाड़ा थाने में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

यह ऑपरेशन “प्रयास” के तहत किया गया, जिसे नक्सल विरोधी अभियानों में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि इस गिरफ्तारी से नक्सली गतिविधियों पर और अंकुश लगेगा। क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है।

नई और ताज़ा खबरों के लिए जुड़े रहें — Drishti Now