दिशोम गुरु शिबू सोरेन के श्राद्ध कर्म की तैयारियां जोरों पर, पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ चल रही तैयारी
रामगढ़ : पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद स्वर्गीय दिशोम गुरु शिबू सोरेन के पारंपरिक श्राद्ध कर्म की तैयारियां नेमरा, गोला, रामगढ़ में पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ चल रही हैं। गांव की गलियों से लेकर पूजा स्थल तक सजावट, सफाई और व्यवस्थाओं की हलचल देखी जा रही है। परिजनों, रिश्तेदारों और दूर-दराज से आए ग्रामीणों के सहयोग से स्थानीय रीति-रिवाजों और मान्यताओं के अनुरूप इस महत्वपूर्ण आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की निगरानी में तैयारियां
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन स्वयं गांव में मौजूद रहकर तैयारियों पर नजर रख रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि श्राद्ध कर्म में शामिल होने वाले लोगों के लिए यातायात, पेयजल, भोजन, चिकित्सा, सुरक्षा और ठहरने की सभी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। जिला प्रशासन ने गांव और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सफाई अभियान चलाया है ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी असुविधा का सामना न करना पड़े।
यातायात और सुविधाओं की व्यवस्था
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 300 से अधिक ई-रिक्शा की व्यवस्था की गई है, जो पार्किंग स्थल से आयोजन स्थल तक आवागमन को आसान बनाएंगे। तीन बड़े पार्किंग स्थलों का निर्माण किया गया है, जहां बायो-टॉयलेट की सुविधा भी उपलब्ध होगी। पैदल आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मार्ग पर छायादार शेड, विश्राम स्थल और धूप-बारिश से बचाव के लिए पगोडा बनाए गए हैं।
भोजन और स्वच्छता की व्यवस्था
भोजन के लिए तीन बड़े पंडाल तैयार किए गए हैं, जहां एक साथ बड़ी संख्या में लोग बैठकर भोजन कर सकेंगे। स्थानीय व्यंजनों के साथ-साथ पारंपरिक प्रसाद भी परोसा जाएगा। स्वच्छता और सुचारू व्यवस्था के लिए स्वयंसेवकों और रसोइयों की टीमें तैनात रहेंगी।
सुरक्षा और यातायात प्रबंधन
सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए धूमकुड़िया में पुलिस कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। आयोजन स्थल पर 10 आईपीएस अधिकारी, 60 डीएसपी, 65 इंस्पेक्टर और 2500 से अधिक पुलिस जवान तैनात रहेंगे। यातायात प्रबंधन, आपातकालीन सेवाओं और भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस, प्रशासन और स्वयंसेवकों की टीमें 24 घंटे सक्रिय रहेंगी। जिला प्रशासन विधि-व्यवस्था को लेकर पूरी तरह अलर्ट मोड में है।
गुरुजी के योगदान को समर्पित प्रदर्शनी
श्राद्ध कर्म के अवसर पर दिशोम गुरु शिबू सोरेन के जीवन संघर्ष, राजनीतिक योगदान, आदिवासी समाज के उत्थान में उनकी भूमिका और जनसेवा की अमूल्य मिसाल को प्रदर्शित करने के लिए विशेष प्रदर्शनी और स्मृति दीर्घा तैयार की जा रही है। इसमें उनके जीवन से जुड़ी दुर्लभ तस्वीरें, ऐतिहासिक दस्तावेज और कार्यकाल की उपलब्धियां प्रदर्शित की जाएंगी।

















