भारत-पाकिस्तान महामुकाबला तय! पाकिस्तान सरकार ने दी हरी झंडी, 15 फरवरी को कोलंबो में होगा सबसे बड़ा मुकाबला
कोलंबो/इस्लामाबाद : क्रिकेट फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी! भारत और पाकिस्तान के बीच आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 का बहुप्रतीक्षित मुकाबला अब तय कार्यक्रम के अनुसार 15 फरवरी को खेला जाएगा। पाकिस्तान सरकार ने सोमवार को औपचारिक रूप से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को यह मैच खेलने की अनुमति दे दी है, जिससे पिछले कई दिनों से चला आ रहा गतिरोध पूरी तरह समाप्त हो गया है।
प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ को PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी ने आईसीसी, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) और अन्य सदस्य देशों के साथ हुई उच्चस्तरीय बातचीत की पूरी जानकारी दी। इसके बाद सरकार ने सभी पहलुओं पर गहन विचार-विमर्श के बाद पाकिस्तान टीम को मैदान में उतरने का स्पष्ट निर्देश जारी किया।
सरकारी बयान में कहा गया है, “बहुपक्षीय चर्चाओं के सकारात्मक परिणामों और मित्र देशों के अनुरोध को ध्यान में रखते हुए, पाकिस्तान सरकार पाकिस्तान राष्ट्रीय क्रिकेट टीम को 15 फरवरी 2026 को आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप के निर्धारित मुकाबले में मैदान में उतरने का निर्देश देती है।”
पाकिस्तान ने पहले अपनी सरकार की सलाह पर भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलने का ऐलान किया था, जिससे पूरे टूर्नामेंट पर संकट के बादल मंडरा उठे थे। आईसीसी की सख्ती, बांग्लादेश की अपील, श्रीलंका और यूएई जैसे मित्र देशों के अनुरोध तथा लगातार चल रही बातचीत के बाद पाकिस्तान अपना रुख बदलने को मजबूर हुआ। PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी की कूटनीतिक कोशिशों और प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ के अंतिम फैसले ने इस ड्रामे का अंत किया।
क्रिकेट प्रेमी अब बेसब्री से 15 फरवरी का इंतजार कर रहे हैं, जब भारत और पाकिस्तान एक बार फिर मैदान पर आमने-सामने होंगे। भारत और पाकिस्तान का मुकाबला क्रिकेट जगत का सबसे बड़ा और सबसे ज्यादा देखा जाने वाला मुकाबला माना जाता है, जिसमें दोनों टीमों के बीच ऐतिहासिक प्रतिद्वंद्विता की झलक दिखती है।


















