पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की तबीयत बिगड़ी, मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती
चंडीगढ़ : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की तबीयत अचानक बिगड़ने के कारण उन्हें शुक्रवार, 5 सितंबर 2025 को मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पिछले दो दिनों से उनकी सेहत ठीक नहीं थी, और घर पर आराम करने के बावजूद कोई सुधार न होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती करने की सलाह दी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री को वायरल बुखार, पाचन संबंधी समस्याएं और ब्लड प्रेशर में उतार-चढ़ाव की शिकायत थी। इसके अलावा, थकावट और दिल की धड़कन में अनियमितता की भी बात सामने आई है। अस्पताल में उनकी स्थिति पर डॉक्टरों की एक विशेष टीम नजर रख रही है, और उनकी हालत को स्थिर बताया जा रहा है। फोर्टिस अस्पताल ने उनके स्वास्थ्य को लेकर आधिकारिक बयान जारी किया है, जिसमें कहा गया है कि मुख्यमंत्री का इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
मुख्यमंत्री के तबियत खराब होने के कारण आज होने वाली वाली पंजाब कैबिनेट की बैठक को स्थगित कर दिया गया था, जिसमें बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्यों पर चर्चा होनी थी। मुख्यमंत्री की खराब सेहत के कारण वह आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के साथ बाढ़ प्रभावित सुल्तानपुर लोधी के दौरे पर भी नहीं जा सके। गुरुवार को केजरीवाल ने उनके सरकारी आवास पर जाकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी।
राज्य सरकार और आम आदमी पार्टी के नेता उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। उनकी स्थिति को लेकर जल्द ही एक विस्तृत स्वास्थ्य बुलेटिन जारी होने की उम्मीद है। पंजाब की जनता और राजनीतिक हलकों में उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता बनी हुई है, और सभी उनके जल्द ठीक होने की प्रार्थना कर रहे हैं।















