दुर्गा पूजा की व्यापक तैयारियों को लेकर उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई बैठक
रांची : दुर्गा पूजा के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियों को सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। समाहरणालय के सभागार में आयोजित इस बैठक में अपर जिला दण्डाधिकारी (विधि व्यवस्था), अनुमंडल पदाधिकारी (सदर), रांची नगर निगम के अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!उपायुक्त के निर्देश: सामूहिक जिम्मेदारी और समन्वय पर जोर
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी अधिकारियों को सामूहिक जिम्मेदारी के साथ टीम वर्क में कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान छोटी-सी लापरवाही से जान-माल की हानि हो सकती है, इसलिए सभी अधिकारी पूरी कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करें और त्योहार के दौरान छुट्टी न लें। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि अधीनस्थ कार्यालयों में भी इस निर्देश का पालन हो।
ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश
पर्व के दौरान सुचारु ट्रैफिक व्यवस्था के लिए उपायुक्त ने अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) को ट्रैफिक एसपी और नगर निगम के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया।
रांची नगर निगम को विशेष दिशा-निर्देश
उपायुक्त ने रांची नगर निगम को सड़कों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट की कार्यशीलता और सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर रोक लगाने के लिए पूजा समितियों को जागरूक करने का निर्देश दिया। साथ ही, आम नागरिकों से भी सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने की अपील की गई। पूजा पंडालों के निर्माण में तय मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन की टीम द्वारा निरीक्षण का भी निर्देश दिया गया।
अग्निशमन और विद्युत सुरक्षा
अग्निशमन विभाग को सभी पूजा पंडालों के आसपास अग्निशमन सुरक्षा गाइडलाइनों के अनुरूप व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। विद्युत विभाग को जर्जर तारों, ट्रांसफॉर्मरों और खंभों की मरम्मत करने तथा पर्व के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।
स्वास्थ्य और पेयजल व्यवस्था
सिविल सर्जन, रांची को सभी प्रमुख पूजा पंडालों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर एंबुलेंस, मेडिकल टीम और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, जिला और प्रखंड स्तर पर कंट्रोल रूम को सक्रिय रखने का आदेश दिया गया ताकि आपात स्थिति में त्वरित चिकित्सीय सहायता उपलब्ध हो सके। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को पंडालों और भीड़ वाले स्थानों पर शुद्ध पेयजल और अस्थायी पेयजल टैंकर की व्यवस्था करने को कहा गया।
विशेष व्हाट्सएप ग्रुप और सोशल मीडिया निगरानी
उपायुक्त ने दुर्गा पूजा की तैयारियों और आयोजन की निगरानी के लिए जिला प्रशासन, लाइन विभाग, पूजा समितियों और अन्य एजेंसियों को जोड़ते हुए एक विशेष व्हाट्सएप ग्रुप बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को इस ग्रुप में दिए गए निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही, सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप पर नजर रखकर त्वरित कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया गया।

















