निशा भगत को न्याय दिलाने के लिए भाजपा ने निकाला मशाल जुलूस, 18 नवंबर को दक्षिणी छोटानागपुर बंद का ऐलान

रांची: आदिवासी सामाजिक कार्यकर्ता निशा भगत की मौत के मामले में न्याय, आरोपियों की गिरफ्तारी और पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच की मांग को लेकर भाजपा ने मंगलवार को रांची में मशाल जुलूस निकाला। भाजपा रांची महानगर जिला के तत्वावधान में आयोजित इस जुलूस का नेतृत्व एसटी मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद समीर उरांव ने किया। जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से निकला जुलूस विभिन्न मार्गों से होते हुए अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचा। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने घंटों प्रदर्शन कर राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।

मशाल जुलूस में शामिल सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने हाथों में मशाल, पार्टी का झंडा और मांगों से संबंधित तख्तियां लेकर निशा भगत को न्याय दिलाने की मांग की। इस दौरान समीर उरांव ने कहा कि निशा भगत आदिवासी समाज के अधिकारों, अस्मिता, संस्कृति और जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए आवाज उठा रही थीं। वह धर्मांतरण, आदिवासी जमीन की कथित अवैध खरीद-बिक्री और जमीन दलालों के खिलाफ लगातार संघर्ष कर रही थीं। उन्होंने अपनी सुरक्षा और उत्पीड़न को लेकर भी सार्वजनिक रूप से चिंता जताई थी। इसके बावजूद उनकी शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई नहीं होना प्रशासनिक व्यवस्था की जवाबदेही पर सवाल खड़ा करता है।
समीर उरांव ने कहा कि निशा भगत की मौत को सामान्य घटना मानकर मामले की लीपापोती करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परिजनों के आरोपों, अंतिम वीडियो और उनकी ओर से की गई शिकायतों सहित सभी पहलुओं की गहन जांच होनी चाहिए। परिवार और समाज की आशंकाओं को दूर करने के लिए स्वतंत्र एवं निष्पक्ष सीबीआई जांच जरूरी है। जब तक सच्चाई सामने नहीं आती और दोषियों को सजा नहीं मिलती, भाजपा का आंदोलन जारी रहेगा।
पूर्व विधायक गंगोत्री कुजूर ने कहा कि झारखंड में आदिवासी बेटियों के साथ हो रही घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। संध्या टोप्पो, रूपा तिर्की, सूर्या हांसदा और सोमा उरांव से जुड़े मामलों ने भी आदिवासी समाज के मन में कई सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने सरकार से निशा भगत के मामले में सीबीआई जांच की अनुशंसा करने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि अपनी जमीन, संस्कृति और अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाली आदिवासी बेटियों को भय और असुरक्षा के माहौल में नहीं जीना चाहिए। प्रशासन की जिम्मेदारी है कि शिकायत लेकर आने वाले सामाजिक कार्यकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करे और उनकी शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई करे।

भाजपा नेताओं ने राज्य सरकार पर आदिवासी हितों और अस्मिता की रक्षा करने में विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जमीन की कथित लूट, धर्मांतरण के दबाव और आदिवासी समाज की आवाज उठाने वालों के उत्पीड़न से जुड़े आरोपों को सरकार नजरअंदाज नहीं कर सकती। भाजपा नेताओं ने निशा भगत को न्याय दिलाने की मांग को लेकर आगामी 18 नवंबर को पूरे दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल में बंद कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जब तक मामले की निष्पक्ष जांच नहीं होती और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती, पार्टी का आंदोलन जारी रहेगा।
मशाल जुलूस में अशोक बड़ाईक, पिंकू खोया, रवि मुंडा, रेणु तिर्की, नकुल तिर्की, प्रदीप लकड़ा, बिरसा पाहन, सीमा सिंह, सुबोध सिंह गुड्डू, मनोज मिश्रा, सीमा शर्मा, सूरज चौरसिया, बलराम सिंह, जितेंद्र वर्मा, राजू सिंह, बीना मिश्रा, अर्चना सिंह, संकेत तिवारी, नीरज चौधरी, निशि जायसवाल, ऊषा पांडेय, कुंदन सिंह, अमित यादव, तरुण जायसवाल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल थे।
छठ महापर्व को लेकर सिमडेगा में घाटों की सफाई तेज, गहरे पानी में होगी बैरिकेडिंग
सिमडेगा: छठ महापर्व को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त कंचन सिंह के निर्देश पर जिले के शहरी…

रातू में चोरी की चार घटनाओं का खुलासा, हरियाणा के शातिर चोर समेत चार गिरफ्तार
रांची: रातू थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुई चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार…

















