रातू में चोरी की चार घटनाओं का खुलासा, हरियाणा के शातिर चोर समेत चार गिरफ्तार

रांची: रातू थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुई चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में हरियाणा के कुरुक्षेत्र का रहने वाला आकाश महतो उर्फ आकाश कुमार भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दो ज्वेलरी दुकानों से चोरी के जेवर बरामद किए हैं। इसके अलावा आरोपी आकाश के घर से भी जेवर, नकद और मोबाइल फोन बरामद किया गया है। बरामद सोने-चांदी के आभूषणों का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 3.70 लाख रुपये बताया गया है।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चोरी की घटनाओं के उद्भेदन और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में डीएसपी (मुख्यालय-द्वितीय) की अगुवाई में छापेमारी दल का गठन किया गया था। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर आकाश महतो उर्फ आकाश कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर रातू के काठीटांड़ स्थित जेपी जेवर और एवाई अलंकार ज्वेलर्स से चोरी के आभूषण बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने चोरी के जेवर इन दुकानों में बेच दिए थे।

पुलिस के मुताबिक, आकाश महतो मूल रूप से हरियाणा के कुरुक्षेत्र का रहने वाला है। वहां और आसपास के इलाकों में चोरी की कई घटनाओं को अंजाम देने के बाद वह रातू थाना क्षेत्र के आमटांड़ में अपनी पत्नी के साथ किराये के मकान में रह रहा था। पुलिस का कहना है कि गिरोह के सदस्य बंद घरों को निशाना बनाकर चोरी करते थे। आकाश दिन के समय बंद घरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था, ताकि लोगों को इसकी भनक न लगे।
गिरफ्तार अन्य आरोपियों में रातू के संडे मार्केट निवासी विनय कुमार वर्मा, धनबाद के कतरास निवासी विनायक कुमार सोनी और रातू के बड़काटोली निवासी दीपक उरांव उर्फ लड्डू शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, ये सभी चोरी की घटनाओं में शामिल होने और चोरी के सामान की खरीद-बिक्री से जुड़े थे।
पुलिस ने जेपी जेवर दुकान से चांदी के दो जोड़ी पायल, एक चांदी की चेन, एक सोने का मंगलसूत्र और पांच सोने की नोजपिन बरामद की हैं। वहीं एवाई अलंकार ज्वेलर्स से तीन जोड़ी चांदी की पायल, एक कमरधनी, एक पंजा, एक ब्रेसलेट, सात चांदी की चेन, 11 बिछिया, दो अंगूठियां, एक जोड़ी कान के टॉप्स, एक सोने की चेन, तीन सोने की कान की रिंग और दो सोने की नोजपिन बरामद की गई हैं।

इसके अलावा आकाश के घर से सोने जैसे दिखने वाले झुमके, चांदी जैसे पुराने पायल, पांच चांदी की बिछिया, एक कान का झल्ला, 7,850 रुपये नकद और रेडमी कंपनी का स्मार्टफोन बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, कुल करीब 600 ग्राम चांदी और 15 से 20 ग्राम सोना बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार, आकाश महतो के खिलाफ हरियाणा के कुरुक्षेत्र और करनाल के विभिन्न थानों में चोरी से संबंधित कई मामले दर्ज हैं। इनमें कृष्णा गेट थाना, बलदेव नगर थाना, थानेसर सिटी थाना और करनाल सिविल लाइन थाना के मामले शामिल हैं। रांची पुलिस ने इस गिरोह की संलिप्तता रातू थाना में दर्ज कांड संख्या 246/26, 327/26, 315/26 और 378/26 में भी बताई है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।

तमाड़ में चाकू मारकर युवक की हत्या, तीन नाबालिग समेत चार गिरफ्तार, दो अन्य आरोपी फरार
रांची: तमाड़ थाना क्षेत्र के रांगामाटी में शराब दुकान के पास हुए विवाद में चाकू से हमला कर कांग्रेस महतो (25) की…

छठ घाटों की सुरक्षा में तैनात होंगे 145 पुलिसकर्मी, एसपी ने दिए निर्देश
सिमडेगा: छठ महापर्व को लेकर जिले में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके तहत जिले के…
















