friendship-social-media-called-murdered-minor

सोशल मीडिया पर दोस्ती, मिलने के बहाने बुलाया और कर दी नाबालिग की हत्या, 48 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

Share
Link copied
friendship-social-media-called-murdered-minor
friendship-social-media-called-murdered-minor

सिमडेगा: बोलबा थाना क्षेत्र के रेंगारबहार गिरजाटोली स्थित लुकड़ी जंगल में नाबालिग युवती की हत्या के मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। सोशल मीडिया के जरिए युवती के संपर्क में आए युवक ने मिलने के बहाने उसे बुलाया और फिर चट्टान से नीचे धकेलकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में 26 वर्षीय सलीम तिर्की को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

सोशल मीडिया पर दोस्ती, मिलने के बहाने बुलाया और कर दी नाबालिग की हत्या, 48 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

मंगलवार को एसडीपीओ धर्मदेव पासवान ने प्रेस वार्ता में बताया कि 8 नवंबर को लुकड़ी जंगल में युवती का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को कब्जे में लिया गया। बाद में परिजनों ने युवती की पहचान की। परिजनों के अनुसार, युवती 6 नवंबर को सिमडेगा स्थित छात्रावास से अपने घर केरसई जाने के लिए निकली थी, लेकिन घर नहीं पहुंची। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चल सका था। इस संबंध में परिजनों के लिखित आवेदन पर बोलबा थाना कांड संख्या 24/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1)/238 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

पुलिस जांच में सामने आया कि युवती का संपर्क सोशल मीडिया के माध्यम से आरोपी सलीम तिर्की से हुआ था। आरोपी ने उसे मिलने के लिए राउरकेला बुलाया था। पुलिस के अनुसार, 6 नवंबर को युवती आरोपी के पास पहुंची। इसके बाद 7 नवंबर को घर पहुंचाने के बहाने वह उसे बोलबा के रेंगारबहार स्थित लुकड़ी जंगल ले गया। वहां आरोपी ने युवती के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाया। अन्य लड़कों से प्रेम संबंध होने के शक में दोनों के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान आरोपी ने युवती को चट्टान से नीचे धकेल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

सोशल मीडिया पर दोस्ती, मिलने के बहाने बुलाया और कर दी नाबालिग की हत्या, 48 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से आरोपी ने युवती का मोबाइल फोन और आधार कार्ड तोड़कर जंगल में फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर दोनों वस्तुओं को बरामद कर जब्त कर लिया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई थी। टीम ने तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अनुसंधान करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार सलीम तिर्की (26), पिता सुनील तिर्की, रेंगारबहार गिरजाटोली का निवासी है। पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

ABOUT THE AUTHOR
शंभू कुमार सिंह

शंभू कुमार सिंह

रिपोर्टर

शंभू कुमार सिंह सिमडेगा के रहने वाले हैं ये 1995 से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत है दैनिक जागरण जिला प्रभारी, भास्कर दैनिक का जिला प्रभारी, सहित की भी चैनल के साथ में अन्य महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में लगातार सक्रिय रहे है । समाचार संकलन विशेष लेख फीचर व अन्य क्षेत्रों में भी विशेष पकड़।