36 करोड़ की सड़क निर्माण के चंद दिनों में ही उखड़ने लगी, गुणवत्ता पर उठे सवाल

सिमडेगा: सिमडेगा से कुटमाकछार तक करीब 36 करोड़ रुपये की लागत से बन रही सड़क की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। निर्माण कार्य शुरू होने के कुछ ही दिनों बाद सड़क की ऊपरी परत कई स्थानों पर उखड़ने लगी है। कहीं चिप्स और कोलतार बिखर रहे हैं, तो कहीं सड़क पर दरारें नजर आने लगी हैं। जिला परिषद सदस्य अजय एक्का ने सड़क की इस स्थिति पर नाराजगी जताते हुए निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं।
गौरतलब है कि सिमडेगा से कुटमाकछार तक की सड़क लंबे समय से जर्जर थी। क्षेत्र के लोग लगातार इसके निर्माण की मांग कर रहे थे। कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा के प्रयासों के बाद करीब 36 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण की स्वीकृति मिली। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद सुप्रिया कंस्ट्रक्शन की ओर से निर्माण कार्य शुरू कराया गया। कंपनी के संचालक बसंत साहू सिमडेगा के टुकुपानी के निवासी बताए जाते हैं।

लोगों को उम्मीद थी कि करोड़ों रुपये की लागत से बनने वाली यह सड़क लंबे समय तक आवागमन की सुविधा देगी। लेकिन निर्माण के कुछ ही दिनों बाद सड़क की परत उखड़ने और चिप्स बिखरने की शिकायतों ने लोगों को निराश कर दिया है। कोचेडेगा थाना के सामने सहित कई अन्य स्थानों पर सड़क की स्थिति देखकर स्थानीय लोग निर्माण में गुणवत्ता मानकों के पालन पर सवाल उठा रहे हैं।
कांग्रेस नेता शशि गुड़िया ने भी निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि सड़क निर्माण के दौरान ही कई जगहों पर इसकी स्थिति खराब होने लगी है। लोगों ने सड़क में इस्तेमाल किए जा रहे कोलतार और अन्य निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शुरुआती दिनों में ही सड़क की परत उखड़ने लगेगी, तो आने वाले समय में इसकी हालत और खराब हो सकती है। इससे वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा भी बढ़ सकता है।

सड़क निर्माण कार्य में पारदर्शिता को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, निर्माण स्थल पर अब तक योजना से संबंधित सूचना बोर्ड नहीं लगाया गया है। जबकि सूचना बोर्ड पर योजना की लागत, संबंधित विभाग, संवेदक का नाम और निर्माण कार्य पूरा करने की समय-सीमा जैसी जानकारियां दर्ज होनी चाहिए। बोर्ड नहीं होने से लोगों को योजना से जुड़ी जरूरी जानकारी नहीं मिल पा रही है। बताया जाता है कि कुरडेग में विधायक भूषण बाड़ा से सड़क निर्माण का शिलान्यास कराया गया था। हालांकि, अब निर्माण की गुणवत्ता को लेकर उठ रहे सवालों ने इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग के वरीय अधिकारियों से सड़क निर्माण की तकनीकी जांच कराने और इस्तेमाल की गई सामग्री के नमूनों की गुणवत्ता की जांच करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जांच में अनियमितता सामने आती है, तो संवेदक और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। करोड़ों रुपये की लागत से बनने वाली सड़क जनता की सुविधा और सरकारी धन से जुड़ी योजना है। इसलिए इसके निर्माण में गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए।

महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारतीय टीम घोषित, सलीमा टेटे को मिली कप्तानी
नई दिल्ली: हॉकी इंडिया ने मध्य प्रदेश महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी भोपाल 2026 के लिए मंगलवार को 20 सदस्यीय भारतीय महिला हॉकी…

रांची में परंपरागत और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई भगवान चित्रगुप्त पूजा, कायस्थ समाज ने यम द्वितीया पर की कलम-दवात की पूजा
रांची: राजधानी रांची में यम द्वितीया के पावन अवसर पर कायस्थ समाज और शहरवासियों द्वारा भगवान चित्रगुप्त की पूजा पूरी श्रद्धा और…

















