महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारतीय टीम घोषित, सलीमा टेटे को मिली कप्तानी

नई दिल्ली: हॉकी इंडिया ने मध्य प्रदेश महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी भोपाल 2026 के लिए मंगलवार को 20 सदस्यीय भारतीय महिला हॉकी टीम की घोषणा कर दी। टीम की कमान झारखंड की स्टार मिडफील्डर सलीमा टेटे को सौंपी गई है। टीम में झारखंड की निक्की प्रधान और ब्यूटी डुंगडुंग को भी शामिल किया गया है।

प्रतियोगिता का आयोजन 19 से 28 नवंबर तक भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित नवनिर्मित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होगा। एशियन गेम्स में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने के बाद भारतीय टीम पहली बार किसी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में उतरेगी। मेजबान भारत की नजर लगातार तीसरी और कुल चौथी बार खिताब जीतने पर होगी। टूर्नामेंट में भारत के अलावा चीन, जापान, मलेशिया, थाईलैंड और दक्षिण कोरिया की टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता राउंड रॉबिन प्रारूप में खेली जाएगी। लीग चरण के बाद शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी।

भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 19 नवंबर को मलेशिया के खिलाफ करेगी। इसके बाद 21 नवंबर को दक्षिण कोरिया, 22 नवंबर को थाईलैंड, 24 नवंबर को चीन और 25 नवंबर को जापान से मुकाबला होगा। सेमीफाइनल 27 नवंबर और फाइनल सहित पदक मुकाबले 28 नवंबर को खेले जाएंगे। मुख्य कोच श्योर्ड मारिन ने कहा कि इस प्रतियोगिता में कुछ खिलाड़ियों को उनकी सामान्य भूमिका से अलग पोजिशन पर भी खेलने का मौका दिया जाएगा, ताकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनकी क्षमता को परखा जा सके। उन्होंने घरेलू दर्शकों के सामने खेलने और वर्ष का समापन अच्छे प्रदर्शन के साथ करने की उम्मीद जताई। हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप टिर्की ने कहा कि एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने के बाद यह टूर्नामेंट भारतीय टीम के लिए अपनी लय बरकरार रखने का महत्वपूर्ण अवसर है।
भारतीय टीम इस प्रकार है:
गोलकीपर: बंसारी सोलंकी, बिचु देवी खरिबाम।
डिफेंडर: निक्की प्रधान, ज्योति, ज्योति सिंह, सुशीला चानू, ललथंतलुआंगी, पूजा साहू।
मिडफील्डर: रुतुजा दादासो पिसल, सुनेलिता टोप्पो, सलीमा टेटे (कप्तान), नेहा, साक्षी राणा, बलजीत कौर, इशिका।
फॉरवर्ड: नवनीत कौर, दीपिका, ब्यूटी डुंगडुंग, लालरेमसियामी,
मुमताज खान।

















