डाईर मेला जनजातीय संस्कृति और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक : मंगल सिंह भोगता

निर्मल सिंह
गुमला: प्रखंड के लोटवा गांव में सोमवार की रात लक्ष्मी पूजा सह डाईर मेला श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम में नागपुरी गीत-संगीत की धूम रही। स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों पर ग्रामीण रातभर झूमते नजर आए।

कार्यक्रम का उद्घाटन भाजपा किसान मोर्चा के नेता मंगल सिंह भोगता ने फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि लक्ष्मी पूजा सह डाईर मेला जनजातीय क्षेत्र की महत्वपूर्ण परंपरा है। यह मेला जनजातीय संस्कृति के संरक्षण के साथ सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे का संदेश देता है। मेले के आयोजन से गांव में अतिथियों का आगमन होता है और परिवारों को आपस में मिलने-जुलने का अवसर मिलता है। वहीं, गीत-संगीत के माध्यम से पुरानी कला, संस्कृति और परंपराएं जीवंत रहती हैं। उन्होंने आयोजन समिति के प्रति आभार भी जताया।
इससे पूर्व ग्रामीणों ने विधि-विधान से माता लक्ष्मी की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। रिझवार समूह के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से समां बांध दिया। गायक भारत सिंह, सरिता बड़ाईक, विनय कुमार, जीवंती कुमारी और सोनी कुमारी ने एक से बढ़कर एक नागपुरी गीत प्रस्तुत किए। मेले में खिलौनों और खान-पान की दुकानें भी सजाई गई थीं, जहां लोगों ने जमकर खरीदारी और मेले का आनंद लिया।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि थाना प्रभारी अंकित राज ने लोगों से शांतिपूर्ण माहौल में मेले का आनंद लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि मेला मनोरंजन और आपसी मेल-मिलाप का अवसर है। किसी तरह की परेशानी या अशांति पैदा करने वालों के खिलाफ पुलिस को कार्रवाई करनी पड़ेगी।
मौके पर अनमोल टोप्पो, राजकुमार सिंह, राहुल बड़ाईक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। आयोजन समिति के मुख्य संरक्षक प्रकाश नारायण सिंह उर्फ गुड्डू ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि मुखिया कमल ने धन्यवाद ज्ञापन किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम का संचालन दीपक बड़ाईक ने किया।
36 करोड़ की सड़क निर्माण के चंद दिनों में ही उखड़ने लगी, गुणवत्ता पर उठे सवाल
सिमडेगा: सिमडेगा से कुटमाकछार तक करीब 36 करोड़ रुपये की लागत से बन रही सड़क की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे…

महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारतीय टीम घोषित, सलीमा टेटे को मिली कप्तानी
नई दिल्ली: हॉकी इंडिया ने मध्य प्रदेश महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी भोपाल 2026 के लिए मंगलवार को 20 सदस्यीय भारतीय महिला हॉकी…

















