धुर्वा में युवक की हत्या का खुलासा, दो गिरफ्तार; लकड़ी के बेंत से पीटने के बाद रस्सी से घोंटा था गला

रांची: धुर्वा थाना क्षेत्र के सिठियो गांव स्थित डैम साइड में झाड़ी से मिले युवक के शव के मामले का रांची पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या में शामिल दो आरोपियों संजय कुमार सिंह (30) और बॉबी विश्वकर्मा (27) को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कार, लकड़ी का बेंत और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, छह नवंबर की सुबह सिठियो गांव में डैम के पास झाड़ी में एक अज्ञात शव मिला था। जांच के दौरान मृतक की पहचान धुर्वा थाना क्षेत्र के सेक्टर-9, शर्मा मार्केट निवासी बिट्टू सिंह (31), पिता ओमप्रकाश सिंह के रूप में हुई। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होने पर मृतक के पिता के आवेदन के आधार पर धुर्वा थाना में कांड संख्या 296/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और डीएसपी हटिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल के तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर जांच करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की जांच में सामने आया है कि घटना के दिन मृतक और दोनों आरोपियों ने साथ में शराब पी थी। इसी दौरान उनके बीच किसी बात को लेकर विवाद और मारपीट हुई। आरोप है कि दोनों ने कार में रखे लकड़ी के बेंत से बिट्टू सिंह की पिटाई कर दी, जिससे वह बेहोश हो गया। इसके बाद दोनों ने रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और शव को झाड़ी में फेंक दिया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया लकड़ी का बेंत, दो मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त कार जब्त की है। गिरफ्तार संजय कुमार सिंह का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ धुर्वा थाना में वर्ष 2018 और 2022 में मारपीट, बंधक बनाने तथा दुर्घटना से संबंधित मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

डाईर मेला जनजातीय संस्कृति और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक : मंगल सिंह भोगता
निर्मल सिंह गुमला: प्रखंड के लोटवा गांव में सोमवार की रात लक्ष्मी पूजा सह डाईर मेला श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया…
36 करोड़ की सड़क निर्माण के चंद दिनों में ही उखड़ने लगी, गुणवत्ता पर उठे सवाल
सिमडेगा: सिमडेगा से कुटमाकछार तक करीब 36 करोड़ रुपये की लागत से बन रही सड़क की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे…

















