Sensational breakthrough in Ranchi headless body case: Wife conspired with lover to have husband murdered.

रांची में सिर कटी लाश का सनसनीखेज खुलासा: पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर कराई पति की हत्या

Share
Link copied
Sensational breakthrough in Ranchi headless body case: Wife conspired with lover to have husband murdered.
Sensational breakthrough in Ranchi headless body case: Wife conspired with lover to have husband murdered.

रांची: रांची पुलिस ने बुंडू थाना क्षेत्र में 19 जून को मिली सिरकटी और अधजली लाश के मामले का सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। मामले में मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मृतक का कटा हुआ सिर, हत्या में प्रयुक्त चापड़, ऑल्टो कार, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार, 19 जून को बुंडू थाना क्षेत्र के सुमांडीह के पास महादेवटांड़ जंगल में 25-30 वर्षीय अज्ञात युवक का सिरकटा और अधजला शव बरामद हुआ था। शव की पहचान छिपाने के उद्देश्य से उसे जलाने का प्रयास किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बुंडू अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई।

जांच में मृतक की पहचान तमाड़ थाना क्षेत्र के मांझी टोली निवासी संजय लोहरा (27) के रूप में हुई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसकी पत्नी सुबोधनी देवी (26) और उसके प्रेमी रमन कुमार सेठ (34) को 6 जुलाई को गिरफ्तार किया। दोनों की निशानदेही पर तमाड़ थाना क्षेत्र के रानी वन जंगल से मृतक का कटा हुआ सिर बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दोनों के बीच पिछले करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध था। इसकी जानकारी संजय लोहरा को हो गई थी। इसके बाद पत्नी ने प्रेमी और उसके साथियों को सुपारी देकर पति की हत्या की साजिश रची। 18 जून को पत्नी शादी समारोह में जाने का बहाना बनाकर पति को अपने साथ बुंडू ले गई। रास्ते में सुनाहातू थाना क्षेत्र में शौच का बहाना बनाकर बाइक रुकवाई, जहां पहले से मौजूद प्रेमी और उसके साथियों ने लाठी से पीट-पीटकर संजय की हत्या कर दी।

हत्या के बाद आरोपी शव को ऑल्टो कार से बुंडू के महादेवटांड़ जंगल ले गए। वहां शव का सिर धड़ से अलग कर धड़ पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जबकि सिर को तमाड़ के रानी वन जंगल में गाड़ दिया। घटना के बाद मृतक की मोटरसाइकिल को भी दूसरे स्थान पर ले जाकर छोड़ दिया गया ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मृतक का सिर, हत्या में प्रयुक्त चापड़, एक ऑल्टो कार, दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।