पाकुड़ में संपत्ति के लालच में जीजा की हत्या, 24 घंटे में तीन आरोपी गिरफ्तार


पाकुड़: पाकुड़ पुलिस ने मालीपाड़ा स्थित बंद खदान से मिले अज्ञात व्यक्ति के शव की गुत्थी सुलझाते हुए महज 24 घंटे के भीतर हत्या में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, संपत्ति पर कब्जा करने के लालच में आरोपियों ने मन्टु दास की कुल्हाड़ी और हथौड़े से हत्या कर दी थी। इसके बाद साक्ष्य छिपाने के लिए शव को रस्सी से उनकी मोटरसाइकिल के साथ बांधकर बंद खदान में फेंक दिया था।
पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर को नगर थाना क्षेत्र के मालीपाड़ा स्थित बंद खदान से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। मामले में नगर थाना कांड संख्या 236/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। मृतक की पहचान दुमका जिले के धोबना निवासी मन्टु दास के रूप में हुई, जो वर्तमान में पाकुड़ के धनुषपूजा इलाके में रहते थे।
पुलिस की जांच में सामने आया कि मृतक के साले साबीर सोरेन पशुपालन विभाग, पाकुड़ में कार्यरत हैं और गिरफ्तार आरोपी आलोक मुर्मू के घर में किराये पर रहते हैं। पुलिस के मुताबिक, साबीर सोरेन की देखभाल मन्टु दास करते थे। आरोपियों को लगा कि मन्टु दास को रास्ते से हटाकर वे साबीर सोरेन का विश्वास जीत सकते हैं और भविष्य में उनकी संपत्ति पर कब्जा कर सकते हैं। इसी लालच में तीनों ने मिलकर हत्या की योजना बनाई।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कुल्हाड़ी और हथौड़े से मन्टु दास की हत्या की। इसके बाद शव को रस्सी से उनकी पल्सर मोटरसाइकिल के साथ बांधकर मालीपाड़ा की बंद खदान में फेंक दिया, ताकि हत्या के साक्ष्य मिटाए जा सकें। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया गया था। टीम ने मानवीय और तकनीकी सूचनाओं के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने बंद खदान के पानी से हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी, लोहे का हथौड़ा और मृतक की पल्सर मोटरसाइकिल (JH04V4094) बरामद की। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त दूसरी पल्सर 220 मोटरसाइकिल (JH16K5241), रस्सी, खून लगे कपड़े, खून लगा झोला और अन्य सामान भी जब्त किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों में आलोक मुर्मू, निवासी सिमलोती, थाना शिकारीपाड़ा, जिला दुमका, वर्तमान पता धनुषपूजा, पाकुड़; प्रीतम हेम्ब्रम और प्रिन्स हेम्ब्रम, दोनों निवासी धनुषपूजा, पाकुड़ शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों ने पूछताछ के दौरान हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

आदिवासी अधिकारों और जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए एकजुटता जरूरी : नमन बिक्सल कोनगाड़ी
सिमडेगा: बांसजोर प्रखंड के सिहरजोर बाजारटांड़ में आयोजित ग्रामीणों की सभा में विधायक नमन बिक्सल कोनगाड़ी ने आदिवासी संवैधानिक अधिकारों, जमीन की…

गुमला में महिला किसान दिवस पर गोष्ठी, उत्कृष्ट कार्य करने वाली 24 महिला किसान सम्मानित
निर्मल सिंह गुमला: अंतर्राष्ट्रीय महिला किसान दिवस के अवसर पर गुरुवार को गुमला नगर भवन में कृषि विभाग के आत्मा कार्यालय की…
















