मधुपुर के HDFC बैंक में दिनदहाड़े सनसनीखेज लूट, 6 हथियारबंद अपराधियों ने लाखों की नगदी और जेवरात उड़ाए

मधुपुर के HDFC बैंक में दिनदहाड़े सनसनीखेज लूट, 6 हथियारबंद अपराधियों ने लाखों की नगदी और जेवरात उड़ाए

Share
Link copied

देवघर : झारखंड के देवघर जिले के मधुपुर थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक ऐसी वारदात हुई, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। राजबाड़ी रोड स्थित HDFC बैंक की शाखा में दिन के उजाले में 6 हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोलकर बड़ी लूट को अंजाम दिया। अपराधियों ने रिवॉल्वर की नोक पर बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों को बंधक बनाया, मारपीट की और नगदी, सोने के सिक्कों व जेवरातों सहित लाखों-करोड़ों रुपये की संपत्ति लूट ली। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस ने नाकाबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

घटना दोपहर 12:45 से 1:00 बजे के बीच की बताई जा रही है, जब बैंक में सामान्य कामकाज चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सबसे पहले दो अपराधी हेलमेट और बुर्का पहने हुए बैंक में घुसे। थोड़ी ही देर बाद चार और साथी बिना मास्क के अंदर दाखिल हो गए। सभी के पास रिवॉल्वरें थीं, जिन्हें लहराते हुए उन्होंने चिल्लाया, “कोई हलचल न करे, वरना जान से मार देंगे।”

अपराधियों ने काउंटरों से नगदी, ग्राहकों के जेवरात, सोने के सिक्के और अन्य कीमती सामान बैगों में भरा। प्रतिरोध करने वालों को लात-घूंसे से पीटा, जिससे कई लोग घायल हो गए। लूट के बाद अपराधियों ने बैंक के मुख्य शटर को बाहर से बंद कर दिया और मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही मधुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पूरे जिले में नाकाबंदी कर दी गई है, जबकि इंटर-डिस्ट्रिक्ट चेकिंग भी शुरू हो चुकी है। पुलिस ने अपराधियों की संख्या 6-7 बताई है और उन्हें पकड़ने के लिए सघन तलाशी अभियान चला रही है।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow