रांची SSP राकेश रंजन ने बाइक पर लिया दुर्गा पूजा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा

रांची : दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर राजधानी रांची में विधि-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। एसएसपी राकेश रंजन ने स्वयं कमान संभाली और बाइक पर सवार होकर शहर के विभिन्न इलाकों का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ सिटी एसपी, ट्रैफिक एसपी, सभी डीएसपी और बड़ी संख्या में पुलिस जवान भी बाइक राइड में शामिल रहे।

एसएसपी राकेश रंजन ने रांची के प्रमुख दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया और पूजा समितियों से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

SSP ने कहा कि हमारी प्राथमिकता जनता को हर हाल में सुरक्षित महसूस कराना है। इसी उद्देश्य से मैं स्वयं बाइक पर शहर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने निकला हूं। उन्होंनेआम नागरिकों से दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की सांप्रदायिक तनाव फैलाने वाली गतिविधियों पर पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।


















