हजारीबाग में छठ पूजा के बाद दर्दनाक हादसा: एक ही परिवार की चार मासूम बहनों की तालाब में डूबने से मौत, गांव में मातम का सैलाब
हजारीबाग : झारखंड के हजारीबाग जिले के कटकमसांडी प्रखंड के शाहपुर पंचायत अंतर्गत झरदाग गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को सन्नाटे में डुबो दिया है। छठ पूजा के अर्घ्य दान के ठीक बाद एक ही परिवार की चार मासूम बहनों की तालाब में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा दोपहर का बताया जा रहा है, जब परिवार की खुशियां एक पल में शोक में बदल गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, और गांव में मातम का माहौल छा गया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बताया जाता है कि मृतक बच्चियां छठ पूजा समाप्त होने के बाद घर से कपड़े धोने के लिए नजदीकी तालाब पर गई थीं। कपड़े धोते समय सबसे पहले एक बच्ची तालाब की गहराई में फिसल गई। बाकी बहनों ने अपनी जान जोखिम में डालकर उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन एक-एक कर वे सभी गहरे पानी में समा गईं। ग्रामीणों ने शोर मचाने पर दौड़ लगाई, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। मौके पर ही चारों की मौत हो गई।
मृतकों में रिंकी कुमारी (16 वर्ष), पूजा कुमारी (20 वर्ष), साक्षी कुमारी (16 वर्ष) और रिया कुमारी (14 वर्ष) शामिल हैं। सभी एक ही परिवार की सगी बहनें थीं। इनमें से एक को झारखंड बोर्ड की टॉपर छात्रा भी बताया जा रहा है, जिसकी मौत ने परिवार और गांव वालों को और गहरा सदमा पहुंचाया है।
घटना की सूचना मिलते ही कटकमसांडी थाना पुलिस, अंचलाधिकारी और अनुमंडल पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। चारों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए हजारीबाग शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और प्रारंभिक जांच में इसे दुर्घटना ही बताया जा रहा है।

















