उपायुक्त की अध्यक्षता में सड़क परियोजनाओं की समीक्षा बैठक : धीमी प्रगति वाली परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश

उपायुक्त की अध्यक्षता में सड़क परियोजनाओं की समीक्षा बैठक : धीमी प्रगति वाली परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश

Share
Link copied

रांची : उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में आज जिले में चल रही विभिन्न सड़क परियोजनाओं की कार्य प्रगति की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पथ निर्माण विभाग के पदाधिकारियों एवं निर्माण कार्य में लगी एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने एक-एक कर सभी परियोजनाओं की प्रगति की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने धीमी गति से चल रही परियोजनाओं में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा, “सड़क निर्माण आमजन की सुविधा एवं विकास से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”

मुआवजा भुगतान और अड़चनों पर चर्चा

बैठक में लंबित मुआवजा भुगतान की स्थिति पर विस्तृत चर्चा हुई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि मुआवजा से जुड़े सभी मामले शीघ्र निपटाए जाएं ताकि निर्माण कार्य में निरंतरता बनी रहे। उन्होंने पथ निर्माण विभाग से पूछा कि क्या कोई कार्य जिला प्रशासन के स्तर पर लंबित है या कोई विवाद-अड़चन है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

सिरमटोली फ्लाईओवर पर विशेष ध्यान

सिरमटोली कनेक्टिंग फ्लाईओवर की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने संबंधित अंचल अधिकारी को सरकारी भूमि पर अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस जारी करने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

प्राथमिकता : गुणवत्ता और पारदर्शिता

उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें तथा जनहित से जुड़ी योजनाओं में गुणवत्ता और पारदर्शिता सर्वोपरि रखी जाए।

बैठक में अपर समाहर्ता राम नारायण सिंह, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी के. के. राजहंस, कार्यपालक अभियंता पथ निर्माण विभाग विनोद कच्छप, एसडीओ सुमन कुमार, प्रवीण कुमार सहित निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow