झारखंड में सर्दी की दस्तक: 1 नवंबर से तापमान में गिरावट, रांची समेत कई जिलों में कोहरा और हल्की बारिश की संभावना
रांची : चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ के कमजोर पड़ने के बाद झारखंड में मौसम ने करवट ले ली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, आज यानी 1 नवंबर को रांची सहित पूरे राज्य में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है, खासकर संताल परगना और पूर्वी जिलों में। हालांकि, तूफान का मुख्य असर धीरे-धीरे कम हो रहा है, जिससे अगले कुछ दिनों में आसमान साफ होने के संकेल मिल रहे हैं। साथ ही, न्यूनतम तापमान में 4-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज होने की उम्मीद है, जो सर्दी की शुरुआत का संकेत दे रही है।
रांची में अधिकतम तापमान 28-29 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम 23 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। सुबह के समय घना कोहरा और हल्की धुंध छाई रह सकती है, जबकि दोपहर में बादल छंटने की संभावना। हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन भारी बारिश का खतरा कम।
झारखंड के 13 जिलों (चतरा, हजारीबाग, रामगढ़, कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़) में येलो अलर्ट जारी है। यहां हल्की से भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है। पश्चिमी और मध्य जिलों (जैसे गुमला, सिमडेगा, खूंटी) में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहेगा, लेकिन न्यूनतम तापमान 20-22 डिग्री तक लुढ़क सकता है।
मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि 1 नवंबर के बाद चक्रवात का असर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ओर शिफ्ट हो जाएगा, जिससे झारखंड में 2 नवंबर से सुबह-शाम हल्के से मध्यम कोहरे की चादर बिछ जाएगी। आसमान साफ होने पर अधिकतम तापमान 27-28 डिग्री और न्यूनतम 20-22 डिग्री के बीच रहेगा। यह स्थिति अगले एक सप्ताह तक बनी रह सकती है, जो सर्दी की पहली लहर का संकेत दे रही है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के समाप्त होने से अब बारिश की तीव्रता में कमी आएगी।



















