रेल यात्रा महंगी: 26 दिसंबर से ट्रेन टिकट के नए किराए लागू, जानें कितनी बढ़ोतरी और किसे राहत
नई दिल्ली : भारतीय रेलवे ने यात्री किराए में संशोधन किया है, जो आज से पूरे देश में प्रभावी हो गया है। रेल मंत्रालय ने 21 दिसंबर को इसकी घोषणा की थी और 25 दिसंबर को औपचारिक अधिसूचना जारी की। इस बदलाव से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों की जेब पर असर पड़ेगा, जबकि छोटी दूरी और रोजाना सफर करने वालों को राहत दी गई है।
कितनी बढ़ोतरी हुई?
साधारण श्रेणी (Ordinary Class) में 215 किलोमीटर से अधिक दूरी पर 1 पैसा प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी की गई है। वहीं मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों की नॉन-एसी श्रेणी में 2 पैसे प्रति किलोमीटर अतिरिक्त चार्ज लगेगा। इसके अलावा सभी ट्रेनों की एसी श्रेणी (AC Chair Car, AC 3-Tier, AC 2-Tier, AC First Class आदि) में 2 पैसे प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी की गई है। उदाहरण के लिए 500 किलोमीटर की नॉन-एसी यात्रा पर करीब 10 रुपये।अतिरिक्त लगेंगे।
किसे नहीं पड़ेगा असर?
* उपनगरीय (सबअर्बन/लोकल) ट्रेनों के टिकट।
* मासिक सीजन टिकट (MST)।
* साधारण श्रेणी में 215 किलोमीटर तक की यात्रा।
* 26 दिसंबर से पहले बुक किए गए टिकट (यात्रा बाद में होने पर भी पुराना किराया ही लागू)।
क्यों बढ़ाया गया किराया?
रेलवे के अनुसार, पिछले दशक में नेटवर्क विस्तार, अधिक ट्रेनें, हाई स्पीड और सुरक्षा पर फोकस से खर्च बढ़ा है। मानव संसाधन खर्च 1.15 लाख करोड़ और पेंशन 60 हजार करोड़ रुपये हो गया है। कुल परिचालन लागत 2024-25 में 2.63 लाख करोड़ रुपये पहुंच गई। इस संशोधन से इस वर्ष करीब 600 करोड़ रुपये अतिरिक्त राजस्व की उम्मीद है।
यह साल की दूसरी बढ़ोतरी है जुलाई 2025 में हुई बढ़ोतरी से अब तक 700 करोड़ रुपये की कमाई हो चुकी है। यात्रियों से अपील की गई है कि IRCTC ऐप या वेबसाइट पर नया किराया चेक करें। पहले से बुक टिकट वाले यात्रियों को कोई अतिरिक्त भुगतान नहीं करना पड़ेगा।
रेलवे का दावा है कि यह बदलाव न्यूनतम है और आम यात्रियों पर बोझ नहीं डालेगा, जबकि सेवाओं में सुधार जारी रहेगा।


















