खलारी में सिरफिरे आशिक का खूनी खेल: प्रेमिका को गोली मारने के बाद खुद को भी उड़ाया
रांची : झारखंड की राजधानी रांची के खलारी थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। केडीएच ग्राउंड के पास एक सिरफिरे युवक ने अपनी प्रेमिका को सरेराह गोली मार दी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया और घर पहुंचकर एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने घटना का जिक्र किया। फिर उसने खुद के सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
सूत्रों के अनुसार, घटना सुबह करीब 9 बजे की है। युवती जब केडीएच ग्राउंड के पास से गुजर रही थी, तभी आरोपी युवक ने उसे रोका। दोनों के बीच विवाद हुआ और अचानक युवक ने पिस्टल निकालकर युवती पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से युवती लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी। स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद युवक फरार हो गया और अपने घर पहुंचा। वहां उसने कथित रूप से एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने पूरी घटना के बारे में बताया। इसके बाद उसने खुद को गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही खलारी पुलिस मौके पर पहुंची और युवक के शव को कब्जे में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम-प्रसंग का बताया जा रहा है। युवक युवती की कथित बेवफाई या संबंधों में आई खटास से तंग आ चुका था, जिसके चलते उसने यह खौफनाक कदम उठाया। पुलिस दोनों के रिश्तों की पड़ताल कर रही है और जल्द ही पूरी रिपोर्ट सामने आएगी।


















