राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का झारखंड में तीन दिवसीय दौरा शुरू, रांची में भव्य स्वागत
रांची : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु अपने तीन दिवसीय झारखंड दौरे पर रविवार शाम रांची पहुंचीं। बिरसा मुंडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया गया। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राष्ट्रपति का अभिवादन किया तथा पारंपरिक रूप से स्वागत किया।
स्वागत समारोह के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राष्ट्रपति मुर्मु को स्मृति चिन्ह (मोमेंटो) भेंट कर उन्हें सम्मानित किया। एयरपोर्ट पर रक्षा राज्य मंत्री सहित राज्य सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी और मंत्रीगण उपस्थित रहे। राष्ट्रपति के आगमन के बाद वे सीधे लोकभवन (राजभवन) पहुंचीं, जहां उनका रात्रि विश्राम हुआ।
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। रांची में एयरपोर्ट से लोकभवन तक के रूट पर ट्रैफिक प्रतिबंध लगाए गए हैं तथा कुछ क्षेत्रों को नो-फ्लाई जोन घोषित किया गया है।
दौरे का कार्यक्रम
राष्ट्रपति मुर्मु का यह दौरा 28 से 30 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान वे राज्य के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी:
29 दिसंबर : जमशेदपुर में ओल चिकी लिपि के शताब्दी समारोह में भाग लेंगी तथा राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होंगी।
30 दिसंबर : गुमला जिले के रायडीह प्रखंड में अंतरराज्यीय जनसांस्कृतिक समागम ‘कार्तिक जतरा 2025’ में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी तथा समारोह को संबोधित करेंगी।


















