चतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 11 एकड़ अवैध अफीम की खेती नष्ट की
चतरा : चतरा जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लावालॉन्ग थाना क्षेत्र के ग्राम सुलमा में वन भूमि पर की जा रही अवैध अफीम की खेती को नष्ट कर दिया। पुलिस अधीक्षक श्री सुमित कुमार अग्रवाल के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में कुल 11 एकड़ भूमि पर शुरुआती अवस्था में लगी अफीम की फसल को पूरी तरह से नष्ट किया गया।
यह कार्रवाई अवैध अफीम की खेती के उन्मूलन के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है। पुलिस ने बताया कि अवैध खेती में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
चतरा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अवैध अफीम की खेती से दूर रहें और किसी भी व्यक्ति को ऐसी गैर-कानूनी गतिविधि करते देखें तो पुलिस को सूचित करें। पुलिस का कहना है कि नशीले पदार्थों का सेवन और उत्पादन समाज के लिए घातक है, इसलिए सभी नागरिक मिलकर इस अभियान में सहयोग करें।
झारखंड में अवैध अफीम की खेती को रोकने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। चतरा सहित कई जिलों में ऐसे अभियानों से हजारों एकड़ अवैध फसल नष्ट की जा चुकी है।


















