झारखंड: जन वितरण दुकानदारों को मिली 4G ई-पॉस मशीन, मंत्री इरफान अंसारी ने कहा- आधा किलो अनाज काटना पाप नहीं, सुनिए क्या कहा मंत्रीजी ने

झारखंड: जन वितरण दुकानदारों को मिली 4G ई-पॉस मशीन, मंत्री इरफान अंसारी ने कहा- आधा किलो अनाज काटना पाप नहीं, सुनिए क्या कहा मंत्रीजी ने

Share
Link copied

जामताड़ा : झारखंड सरकार ने राज्य के जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए पुरानी 2G ई-पॉस मशीनों की जगह 4G ई-पॉस मशीनें उपलब्ध करानी शुरू कर दी हैं। जामताड़ा में आयोजित एक कार्यक्रम में खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने जिले के 639 जन वितरण दुकानदारों को 4G ई-पॉस मशीनें वितरित कीं।

मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि पहले 2G मशीनों के कारण दुकानदारों और उपभोक्ताओं दोनों को काफी परेशानी होती थी। नेटवर्क की समस्या से राशन वितरण में देरी होती थी और कई जगह मशीनें काम ही नहीं करती थीं। अब 4G नेटवर्क से जुड़ी इन नई मशीनों से ट्रांजेक्शन तेज होंगे और उपभोक्ताओं को घंटों इंतजार नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने पूरे झारखंड में 25,464 जन वितरण विक्रेताओं को ये नई मशीनें उपलब्ध कराई हैं।

कार्यक्रम में मंत्री ने दुकानदारों के कमीशन भुगतान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अधिकांश बकाया कमीशन का भुगतान कर दिया गया है और शेष दो महीने का भी जल्द भुगतान हो जाएगा। हालांकि, दुकानदारों ने शिकायत की कि उनका 8 महीने का कमीशन अभी बकाया है। इस पर मंत्री ने इसे विपक्षी दलों का प्रोपेगैंडा बताते हुए टाल दिया।

कार्यक्रम के दौरान एक विवादास्पद बयान भी सामने आया। मंत्री ने उपभोक्ताओं से मिल रही शिकायतों का जिक्र करते हुए कहा कि कई दुकानदार राशन में आधा किलो अनाज काट लेते हैं। इस पर उन्होंने दुकानदारों से कहा, “आपके भी बाल-बच्चे हैं, इसलिए आधा किलो अनाज काटना कोई पाप नहीं है। इससे होने वाले नुकसान की भरपाई मैं (इरफान अंसारी) कर दूंगा।”

मंत्री ने आगे कहा कि जन वितरण व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। शीघ्र ही उपभोक्ताओं को चीनी का वितरण भी शुरू किया जाएगा, जिसके लिए निविदा प्रक्रिया चल रही है।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow