आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत का बड़ा बयान: भाजपा को संघ कंट्रोल नहीं करता, पैरामिलिट्री फोर्स भी नहीं है संघ
भोपाल : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत ने स्पष्ट किया कि संघ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) या अन्य संबद्ध संगठनों को रिमोट कंट्रोल से नहीं चलाता। उन्होंने कहा कि भाजपा, विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और विद्या भारती जैसे संगठन स्वतंत्र रूप से काम करते हैं और संघ इनके फैसलों को नियंत्रित नहीं करता।
भोपाल में संघ के शताब्दी वर्ष के तहत आयोजित ‘प्रबुद्ध जन गोष्ठी’ को संबोधित करते हुए भागवत ने कहा, “संघ को भाजपा या विहिप के नजरिए से समझने की कोशिश करना बड़ी भूल होगी। ये संगठन स्वतंत्र हैं और संघ द्वारा रिमोट कंट्रोल नहीं किए जाते। संघ स्वयंसेवकों का निर्माण करता है, लेकिन उनके कार्यों को नियंत्रित नहीं करता।”
उन्होंने संघ को पैरामिलिट्री फोर्स बताने की धारणा को भी खारिज किया। भागवत ने कहा, “हम वर्दी पहनते हैं, पथ संचलन करते हैं और दंड अभ्यास करते हैं, लेकिन इसे अर्धसैनिक (पैरामिलिट्री) संगठन समझना गलती होगी। संघ एक अनोखा संगठन है, जिसकी कार्यपद्धति गौतम बुद्ध से प्रेरित है।”
भागवत ने संघ के खिलाफ फैलाए जा रहे ‘झूठे नैरेटिव’ पर भी चिंता जताई और कहा कि लोग सतही जानकारी पर भरोसा करते हैं, गहराई में नहीं जाते। उन्होंने समाज को एकजुट करने और सद्गुण विकसित करने को संघ का मुख्य उद्देश्य बताया, ताकि भारत फिर किसी विदेशी शक्ति के अधीन न जाए।


















