अंश-अंशिका की सकुशल वापसी: पुलिस प्रशासन की बड़ी सफलता, समिति की ओर से बधाई और धन्यवाद

अंश-अंशिका की सकुशल वापसी: पुलिस प्रशासन की बड़ी सफलता, समिति की ओर से बधाई और धन्यवाद

रांची : झारखंड की राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र अंतर्गत मौसीबाड़ी खटाल से 2 जनवरी 2026 को लापता हुए दो मासूम भाई-बहन अंश कुमार (5 वर्ष) और अंशिका कुमारी (4 वर्ष) की 13 दिनों की लंबी तलाश के बाद आज 14 जनवरी 2026 को सकुशल बरामदगी हुई है। दोनों बच्चे रामगढ़ जिले के चितरपुर इलाके से पुलिस द्वारा सुरक्षित छुड़ाए गए हैं, जहां उन्हें एक दंपति के पास से रिकवर किया गया। इस सफलता से न केवल परिवार में खुशी की लहर दौड़ी है, बल्कि पूरे क्षेत्र में पुलिस की साख और विश्वसनीयता मजबूत हुई है।

अंश-अंशिका बचाओ संघर्ष समिति के संयोजक एवं राजद नेता कैलाश यादव ने इस अवसर पर अपार खुशी व्यक्त की है। उन्होंने कहा, “मकर संक्रांति के पावन अवसर पर भगवान जगन्नाथ स्वामी ने न्याय किया है। अंश-अंशिका की सकुशल वापसी पुलिस प्रशासन की कर्मठता, दिन-रात की मेहनत और चौकस प्रयासों का परिणाम है। विपक्ष द्वारा राजनीति करने के बावजूद प्रशासन ने चुनौती को सफलता में तब्दील कर दिया।”

अंश-अंशिका बचाओ संघर्ष समिति के द्वारा पुलिस प्रशासन को विशेष बधाई दी गई। कैलाश यादव ने कहा कि दबावपूर्ण स्थिति में यह बड़ी चुनौती थी, लेकिन पुलिस ने अपनी साख कायम रखी।

समिति ने प्रशासन से अपहरणकर्ता गिरोह का पूर्ण खुलासा करने और कठोरतम कार्रवाई करने की मांग की है। प्रारंभिक जांच में अंतरराज्यीय गिरोह की संभावना जताई गई है, और जांच जारी है। पुलिस ने अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow