कोडरमा में 13 वर्षीय बच्चे का झाड़ियों में मिला शव, पोस्टमार्टम से खुलेगी मौत की वजह
कोडरमा में 13 वर्षीय बच्चे का झाड़ियों में मिला शव, पोस्टमार्टम से खुलेगी मौत की वजह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
कोडरमा, 20 जनवरी – झारखंड के कोडरमा जिले में एक बार फिर दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मरकच्चो थाना क्षेत्र के राजारायडीह गांव में 13 वर्षीय नाबालिग अभिनंदन कुमार का शव मंगलवार सुबह घर के पास झाड़ियों में बरामद हुआ। बच्चा सोमवार सुबह से लापता था, जिसके बाद परिजन और पुलिस की तलाश जारी थी।
मृतक अभिनंदन कुमार, प्रकाश राणा के पुत्र थे। जानकारी के अनुसार, अभिनंदन सोमवार सुबह करीब 7 बजे शौच के लिए घर से निकले थे, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने पहले आसपास खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। झारखंड में हाल के दिनों में बढ़ रही बच्चा चोरी और अपहरण की घटनाओं को देखते हुए परिवार में आशंका बढ़ गई। इसके बाद उन्होंने मरकच्चो थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने तलाश शुरू की और परिजनों ने बच्चे की तस्वीर व संपर्क नंबर व्हाट्सएप ग्रुप्स में शेयर कर ग्रामीणों से मदद मांगी। मंगलवार सुबह गांव के पास तालाब की ओर गए कुछ ग्रामीणों ने झाड़ियों में एक बच्चे का शव पड़ा देखा। उन्होंने तुरंत सूचना दी, जिसके बाद परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे।
शव देखकर परिजनों ने रोते-बिलखते अपने बेटे अभिनंदन की पहचान की। इस दृश्य ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया।घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए सड़क जाम कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत का सटीक कारण स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल पुलिस किसी हत्या या अपहरण की आधिकारिक पुष्टि नहीं कर रही है, लेकिन जांच जारी है।
जाहिर है एक बार फिर बच्चे के साथ हुई घटना झारखंड में बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर रही है।

















