राँची पुलिस की सराहनीय पहल: ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत 93 गुम मोबाइल फोन बरामद कर मालिकों को लौटाए
राँची : राँची पुलिस ने वरीय पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देशन में ‘ऑपरेशन मुस्कान’ नामक विशेष अभियान चलाकर जिले के विभिन्न इलाकों से कुल 93 गुम हुए मोबाइल फोन सफलतापूर्वक बरामद किए हैं। तकनीकी विश्लेषण और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर इन मोबाइल फोनों की जानकारी प्राप्त की गई, जिसके बाद उन्हें बरामद कर उनके असली धारकों को आज यानी 21 जनवरी 2026 को नवीन पुलिस केंद्र में लौटा दिया गया।
इस अवसर पर एक मोबाइल वितरण समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस अधीक्षक (एसपी सिटी), पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक यातायात सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। इस अभियान में राँची पुलिस की अलग-अलग टीमों को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई थी, जिन्होंने समन्वय के साथ उत्कृष्ट कार्य किया।
‘ऑपरेशन मुस्कान’ पुलिस की एक सराहनीय पहल है, जिसके तहत चोरी या गुम हुए मोबाइल फोनों को ट्रेस कर उनके मालिकों तक पहुँचाया जा रहा है। इससे आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है और लोग खोए हुए सामान की रिपोर्टिंग अधिक सक्रियता से कर रहे हैं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि उनका मोबाइल फोन गुम हो जाए या चोरी हो जाए, तो तुरंत नजदीकी थाने में सनहा (जनरल डायरी) दर्ज कराएँ, ताकि तकनीकी सहायता से इसे जल्द बरामद किया जा सके।


















