झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने भाजपा के दोहरे चरित्र पर साधा निशाना, कहा- पीएम मोदी की विदेश यात्राओं पर चुप्पी, हेमंत सोरेन पर सवाल क्यों?
रांची : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के महासचिव विनोद पांडेय ने भाजपा और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के हालिया आरोपों पर तीखा पलटवार किया है। उन्होंने भाजपा पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विदेश यात्राएं करते हैं, तो भाजपा इसे देश की कूटनीति की सफलता और गौरव बताती है, लेकिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की विदेश यात्रा को लेकर वही पार्टी सवाल खड़े कर रही है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!विनोद पांडेय ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, “भाजपा को पहले अपने दोहरे चरित्र पर जवाब देना चाहिए। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की विदेश यात्रा पूरी तरह राज्यहित में है। इसका मुख्य उद्देश्य निवेश आकर्षित करना, रोजगार के नए अवसर पैदा करना और झारखंड को वैश्विक मंच पर मजबूती से स्थापित करना है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि यह यात्रा (जिसमें दावोस विश्व आर्थिक मंच, ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी और अन्य स्थानों का दौरा शामिल है) झारखंड के विकास के लिए ऐतिहासिक कदम है, जिसे भाजपा जानबूझकर गलत तरीके से पेश कर रही है।
झामुमो महासचिव ने आगे कहा, “प्रधानमंत्री की विदेश यात्राओं पर भाजपा कभी सवाल नहीं उठाती। अगर विदेश जाना गलत है, तो यह नियम सभी पर एक समान लागू होना चाहिए।” उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि पार्टी के पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह अनावश्यक बयानबाजी और राजनीति कर रही है।
विनोद पांडेय ने यह भी दोहराया कि हेमंत सोरेन सरकार आदिवासी हितों, सामाजिक न्याय, कानून-व्यवस्था और रोजगार सृजन के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने दावा किया कि जनता भाजपा की इस राजनीति को अच्छी तरह समझ चुकी है और आने वाले समय में इसका उचित जवाब देगी।
















