पीएम मोदी की विदेश यात्राओं पर चुप्पी, लेकिन हेमंत सोरेन के दौरे पर शोर मचाते भाजपा नेता: विनोद पांडेय ने लगाया दोहरे मापदंड का आरोप

पीएम मोदी की विदेश यात्राओं पर चुप्पी, लेकिन हेमंत सोरेन के दौरे पर शोर मचाते भाजपा नेता: विनोद पांडेय ने लगाया दोहरे मापदंड का आरोप

Author drishtinow | Edited by drishtinow
Updated: Sun, 25 Jan 2026 04:49 PM (IST)

रांची : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के महासचिव विनोद पांडेय ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के दावोस और यूनाइटेड किंगडम दौरे को लेकर भाजपा नेताओं द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे भाजपा की “राजनीतिक हताशा और दोहरे मापदंडों” का स्पष्ट उदाहरण बताया।

विनोद पांडेय ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा, “जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार विदेश यात्राएं करते हैं, तब भाजपा नेताओं को न संविधान की याद आती है और न राष्ट्रीय स्वाभिमान की। लेकिन वही भाजपा अब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के राज्यहित में किए जा रहे विदेश दौरे पर अनर्गल आरोप लगा रही है। यह उनका दोहरा चरित्र उजागर करता है।”

उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का यह दौरा पूरी तरह झारखंड के आर्थिक विकास, निवेश आकर्षण, उद्योग स्थापना और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने से जुड़ा है। दावोस में विश्व आर्थिक मंच (WEF) पर झारखंड ने अपनी पहली उपस्थिति दर्ज की, जहां ग्रीन इंडस्ट्रीलाइजेशन और निवेश प्रस्तावों पर फोकस रहा। यूके में जयपाल सिंह मुंडा को ट्रिब्यूट देने के लिए उनके लंदन स्थित कॉलेज का दौरा किया गया और दोनों देशों के बीच शिक्षा क्षेत्र में सहयोग पर सहमति बनी।

विनोद पांडेय ने कहा, “मुख्यमंत्री रांची लौटने के बाद दावोस और यूके दौरे से जुड़ी सभी उपलब्धियां, निवेश प्रस्ताव और बैठकों की पूरी जानकारी जनता के सामने खुद रखेंगे। झामुमो पारदर्शिता में विश्वास रखता है और भाजपा की भ्रम फैलाने वाली कोशिशें कभी सफल नहीं होंगी।”

उन्होंने भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी पर निशाना साधते हुए व्यंग्य किया, “बाबूलाल जी को यूके जाकर झारखंड सरकार की 100% छात्रवृत्ति से पढ़ रहे छात्रों से मिलना चाहिए। इससे उन्हें गर्व होगा और शायद हेमंत जी के काम के वजन का एहसास भी होगा।”

अंत में विनोद पांडेय ने कहा, “झारखंड की जनता समझदार है। वह अच्छी तरह जानती है कि कौन राज्य के विकास के लिए मेहनत कर रहा है और कौन सिर्फ सुर्खियां बटोरने के लिए बयानबाजी कर रहा है।”

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow