गोड्डा पुलिस की बड़ी सफलता: मेहरमा थाने में छापेमारी, 8.940 किलो अवैध गांजा बरामद
गोड्डा : गोड्डा पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए मेहरमा थाना क्षेत्र के अमजोरा पिरोजपुर गांव में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर 2 फरवरी 2026 को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, महागामा के नेतृत्व में छापेमारी टीम ने कमल कुमार उर्फ कोको साह (27 वर्ष) और राजेश कुमार (26 वर्ष) के घर पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान घर से 8.940 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा गांजा की खरीद-बिक्री में इस्तेमाल होने वाली कई सामग्रियां भी जब्त की गईं, जिनमें मोटरोला कंपनी का एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन, चार पीस नाप-तौल मशीन (तराजू), हीरो ग्लैमर कंपनी का मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन संख्या JH17R4862, छोटे-छोटे पैकेट बनाने के लिए काला प्लास्टिक पन्नी, परफेक्ट कंपनी का एक बंद डब्बा और 23 खुले रोल और भूरा और सफेद रंग का सेलो टेप शामिल है।
दोनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों भाई हैं और इनके पिता का नाम स्वर्गीय नंदकिशोर साह है। दोनों अमजोरा पिरोजपुर गांव, थाना मेहरमा, जिला गोड्डा के निवासी हैं।
जांच में पता चला है कि आरोपी कमल कुमार उर्फ कोको साह का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड है। मेहरमा थाना में कांड संख्या 64/2020, दिनांक 27/03/2020 के तहत NDPS एक्ट की धारा 20/22 के अंतर्गत मामला दर्ज था।
इस मामले में मेहरमा थाना कांड संख्या 18/2026, दिनांक 02/02/2026 दर्ज किया गया है। NDPS एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच चल रही है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।


















