रांची नगर निगम चुनाव 2026 की तैयारियां जोरों पर: मोरहाबादी डिस्पैच सेंटर का उपविकास आयुक्त ने किया निरीक्षण
रांची : झारखंड की राजधानी रांची में नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के सफल, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने तेजी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। मतदान की तिथि 23 फरवरी 2026 और मतगणना 27 फरवरी 2026 निर्धारित है, ऐसे में प्रशासन हर स्तर पर सतर्क है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका)-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर आज उपविकास आयुक्त सौरभ कुमार भुवनिया ने मोरहाबादी स्थित डिस्पैच सेंटर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पोलिंग पार्टियों के रवाना होने से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया और राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप तैयारियां समयबद्ध एवं त्रुटिरहित रूप से पूरी करने के सख्त निर्देश दिए।
डिस्पैच सेंटर से 22 फरवरी को विभिन्न मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग पार्टियों को रवाना किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान उपविकास आयुक्त ने निम्नलिखित प्रमुख बिंदुओं पर विशेष जोर दिया:
– काउंटरवार सुव्यवस्थित डिस्पैच व्यवस्था सुनिश्चित करना
– निर्वाचन सामग्री किट का पूर्ण और त्रुटिरहित संकलन
– पोलिंग कर्मियों की उपस्थिति सत्यापन एवं रैंडमाइजेशन के अनुसार प्रतिनियुक्ति
– सुरक्षा बलों की पर्याप्त तैनाती एवं रूट चार्ट के अनुसार वाहन व्यवस्था
– पोलिंग पार्टियों को प्रशिक्षण संबंधी दिशा-निर्देशों का पुनः स्मरण
– मेडिकल सहायता, पेयजल, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता
– कंट्रोल रूम एवं हेल्प डेस्क की स्थापना, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित समाधान हो सके
उन्होंने डिस्पैच के दिन भीड़भाड़ से बचने के लिए समयबद्ध एवं चरणबद्ध व्यवस्था बनाने तथा प्रत्येक पोलिंग पार्टी को उनके निर्धारित वाहन और रूट की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। सभी संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने की अपील की गई, ताकि पूरी निर्वाचन प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।


















