रामगढ़ में कोयला कारोबारी गजानन प्रसाद के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, सौदा बाजार में भी चली गोलियां; मची अफरा-तफरी
रामगढ़ : रामगढ़ जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद होते दिख रहे हैं। बुधवार की रात कोयला व्यवसाय के बड़े नाम गजानन प्रसाद के घर पर अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसके बाद वे सौदा बाजार (सौंदा बस्ती) क्षेत्र में भी गोलीबारी करते हुए फरार हो गए। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन इलाके में दहशत का माहौल है।
पतरातू थाना क्षेत्र के सरिया टोला स्थित गजानन प्रसाद के आवास पर रात में अपराधियों ने अचानक हमला बोल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाशों ने कुल 9 राउंड गोलियां चलाईं। फायरिंग के बाद वे सौंदा बस्ती होते हुए मौके से फरार हो गए। इस दौरान सौदा बाजार चौक और एक दुकान के पास भी गोलियां चलाई गईं, जिससे बाजार में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गोलियों के खोखे बरामद किए हैं। घटनास्थल पर आम लोगों और पुलिस की भीड़ लग गई। फिलहाल किसी की चोट या जानमाल के नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन हमले का मकसद अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस जांच में जुटी हुई है और अपराधियों की तलाश तेज कर दी गई है।


















