टांगीनाथ धाम से मुंडन कर लौट रही बस पलटी: कई गंभीर रूप से घायल, स्थानीय समाजसेवियों ने की तत्काल मदद
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा/गुमला : झारखंड के प्रसिद्ध तीर्थस्थल टांगीनाथ धाम में मुंडन संस्कार कराकर लौट रही एक बस का भीषण हादसा हो गया। हादसे में कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जबकि कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना चैनपुर मांझाटोली मुख्य पथ के कटकांया स्थित पुराने शंख घाट मोड़ के पास हुई, जहां मेहता बस अनियंत्रित होकर पलट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी यात्री सिमडेगा जिले के ठेठईटांगर निवासी मनीष केशरी के पुत्र के मुंडन कार्यक्रम में शामिल होने टांगीनाथ धाम गए थे। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद देर शाम वे बस से वापस लौट रहे थे। मोड़ पर बस के चालक ने संतुलन खो दिया, जिससे बस पलट गई। बस के पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय उपप्रमुख दीपक कुजूर, समाजसेवी मंगल सिंह भोक्ता सहित अन्य समाजसेवियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को प्राथमिक उपचार दिलवाया और उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। तामड़ा क्षेत्र के कई केसरी परिवार के सदस्य इस हादसे में घायल हुए हैं।
घायलों को तत्काल इलाज दिया जा रहा है, जबकि प्रशासनिक अमला घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गया है। प्रारंभिक जानकारी में चालक के नियंत्रण खोने को मुख्य कारण बताया जा रहा है।

















