बलदेव साहू मेमोरियल टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट 2026: लोहरदगा लायंस ने 8 विकेट से जीतकर उठाया खिताब, CM हेमंत सोरेन ने सौंपी ट्रॉफी
लोहरदगा : झारखंड के खेल जगत में एक और यादगार पल जुड़ गया। बीएस कॉलेज मैदान, लोहरदगा में आयोजित बलदेव साहू मेमोरियल टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 का भव्य समापन समारोह आज संपन्न हुआ। फाइनल मुकाबले में लोहरदगा लायंस ने पलामू जगलर्स को 8 विकेट से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और विजेता टीम लोहरदगा लायंस को ट्रॉफी सौंपी। उप-विजेता पलामू जगलर्स को भी उन्होंने सम्मानित किया। इस मौके पर भारतीय क्रिकेट के दिग्गज पूर्व खिलाड़ी वीरेंद्र सहवाग और हरभजन सिंह विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने दोनों क्रिकेटरों से राज्य सरकार की खेल नीति, प्रयासों और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संबोधन में कहा, “झारखंड खेल के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है। यहां के नौजवानों के रग-रग में खेल बसता है। हमारे खिलाड़ी देश और दुनिया में राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं। महेंद्र सिंह धोनी ने विश्व क्रिकेट में परचम लहराया है, वहीं हॉकी में झारखंड के खिलाड़ियों का लंबे समय से दबदबा रहा है। भारतीय महिला हॉकी टीम में कप्तान सहित कई खिलाड़ी झारखंड से हैं – यह हमारे लिए गर्व की बात है।”
उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि तीरंदाजी, फुटबॉल, लॉन बॉल सहित अन्य खेलों में भी झारखंड के खिलाड़ी आगे बढ़ें। इसके लिए बेहतर खेल नीति बनाई गई है। मुख्यमंत्री ने जोर दिया कि झारखंड सिर्फ खनिज संपदा के लिए नहीं, बल्कि खिलाड़ियों के नाम से भी जाना जाएगा। उन्होंने बीएस कॉलेज मैदान के विकास में राज्य सरकार और पूर्व राज्यसभा सांसद श्री धीरज प्रसाद साहू की भूमिका की सराहना की और विश्वास जताया कि यह स्टेडियम आने वाले समय में आकर्षण का केंद्र बनेगा।
टूर्नामेंट में दिखा जोश और उत्साह देखते ही बन रहा था। बड़ी संख्या में दर्शक और खेल प्रेमी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, विधायक रामचंद्र सिंह, भूषण बाड़ा, नमन विक्सल कोंगाड़ी, राजेश कच्छप, पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

















