ट्रंप ने दुनिया भर पर टैरिफ बढ़ाकर 15% किया, कहा- अमेरिका को फिर से महान बनाएंगे!
वाशिंगटन : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर व्यापार नीति में बड़ा उलटफेर करते हुए दुनिया के सभी देशों पर लगने वाले ग्लोबल टैरिफ को तुरंत प्रभाव से 10% से बढ़ाकर 15% कर दिया है। यह घोषणा अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के उस फैसले के महज एक दिन बाद आई है, जिसमें ट्रंप की पहले की व्यापक टैरिफ नीति को काफी हद तक अवैध करार दिया गया था।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए कहा, “मैं, संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति के रूप में, प्रभावी तौर पर तुरंत दुनिया भर के देशों पर 10% वर्ल्डवाइड टैरिफ को बढ़ाकर पूरी तरह से अनुमत और कानूनी रूप से परखे गए 15% स्तर पर ले जा रहा हूं। कई देश दशकों से अमेरिका का फायदा उठाते आए हैं, बिना किसी जवाब के लेकिन अब हम इसे रोक रहे हैं।”
ट्रंप ने आगे कहा कि आने वाले महीनों में उनकी सरकार और अधिक नए टैरिफ तय करेगी, जो पूरी तरह कानूनी होंगे। उनका मकसद अमेरिका को पहले से कहीं ज्यादा मजबूत और महान बनाना है। उन्होंने कई देशों पर “अमेरिका को लूटने” का आरोप लगाते हुए कहा कि अब अमेरिकी श्रमिकों और उद्योगों की रक्षा की जाएगी।
यह फैसला ट्रेड एक्ट 1974 के सेक्शन 122 के तहत लिया गया है, जो राष्ट्रपति को बैलेंस ऑफ पेमेंट्स की समस्या के लिए 150 दिनों तक अधिकतम 15% तक टैरिफ लगाने की अनुमति देता है। इससे पहले शुक्रवार को ट्रंप ने 10% का टैरिफ लागू किया था, जिसे अब बढ़ा दिया गया है। यह टैरिफ 24 फरवरी से प्रभावी होने वाला है, हालांकि कुछ वस्तुओं जैसे कृषि उत्पाद, दवाइयां, कुछ इलेक्ट्रॉनिक्स और ऊर्जा से जुड़े सामान पर छूट दी गई है।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस कदम से वैश्विक व्यापार पर असर पड़ सकता है, कीमतें बढ़ सकती हैं और कई देशों के साथ व्यापारिक तनाव बढ़ सकता है। भारत सहित कई देशों के निर्यात पर भी इसका प्रभाव पड़ने की आशंका है, हालांकि कुछ छूट वाले सेक्टर सुरक्षित रह सकते हैं।
















