कराची में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास पर प्रदर्शनकारियों का हमला: ईरान हमलों के विरोध में 12 की मौत, दर्जनों घायल
कराची : पाकिस्तान के कराची शहर में रविवार को ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत के विरोध में सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने अमेरिकी वाणिज्य दूतावास पर धावा बोल दिया। प्रदर्शनकारियों ने दूतावास के मुख्य गेट तोड़ने और परिसर में घुसने की कोशिश की, जिसके बाद सुरक्षा बलों और पुलिस ने स्थिति नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले और फायरिंग का सहारा लिया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मीडिया रिपोर्ट्स और स्थानीय बचाव सेवा एधी फाउंडेशन के अनुसार, इस हिंसक झड़प में कम से कम 12 प्रदर्शनकारियों की मौत हो गई है, जबकि 20 से 30 से अधिक लोग घायल हुए हैं। अधिकांश मृतकों और घायलों में गोलियों के निशान पाए गए हैं। कुछ रिपोर्टों में मौतों की संख्या 9 तक बताई गई है, जबकि शुरुआती अनुमान 6-8 के बीच थे। मौत का आंकड़ा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है क्योंकि कई घायल गंभीर हालत में हैं।
प्रदर्शन ईरान पर अमेरिका-इजरायल के संयुक्त हमलों के खिलाफ शुरू हुआ, जिसमें खामेनेई सहित कई शीर्ष नेता मारे गए थे। प्रदर्शनकारियों ने अमेरिका-मुरदाबाद और ईरान-जिंदाबाद के नारे लगाए, पथराव किया और दूतावास के कुछ हिस्सों में आग लगाने की कोशिश की। भीड़ ने बाहरी दीवार फांदकर अंदर प्रवेश करने का प्रयास किया, जिससे स्थिति और भयावह हो गई।
पाकिस्तानी पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स ने भारी बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया। सिंध के गृह मंत्री जियाउल हसन लांजर ने कहा कि किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

















