20260311 073252

सड़क नहीं, नेटवर्क नहीं… बीमार महिला को खटिया पर ढोकर 1 किमी ले गए ग्रामीण; डोंगीझरिया की बदहाली फिर उजागर

शंभू कुमार सिंह /संजय

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

सिमडेगा/जलडेगा : झारखंड के सिमडेगा जिले के जलडेगा प्रखंड अंतर्गत टीनगिना पंचायत के डोंगीझरिया गांव में मूलभूत सुविधाओं की कमी एक बार फिर सामने आई है। सोमवार देर रात करीब 2:30 बजे गांव की निवासी दुती देवी (पति अमृतदास सिंह) की अचानक तबीयत बिगड़ गई। पैरों में तेज दर्द के कारण वह चलने-फिरने में पूरी तरह असमर्थ हो गईं।

परिजनों ने तुरंत 108 एंबुलेंस सेवा से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन गांव में मोबाइल नेटवर्क नहीं होने के कारण कॉल नहीं लग सका। ऐसे में मजबूर होकर ग्रामीणों ने महिला को खटिया पर लिटाया और करीब एक किलोमीटर तक कंधे पर ढोते हुए मुख्य सड़क तक पहुंचाया। वहां से निजी वाहन की व्यवस्था कर उन्हें इलाज के लिए सिमडेगा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। गौरतलब है कि डोंगीझरिया गांव हाल ही में बुनियादी सुविधाओं के अभाव को लेकर चर्चा में रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में आज तक पक्की सड़क, पुल, पीने का पानी, मोबाइल नेटवर्क और नियमित बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं।

इस मुद्दे के सामने आने के बाद सिमडेगा की उपायुक्त कंचन सिंह के निर्देश पर प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार ने गांव पहुंचकर हालात का जायजा भी लिया था। ग्रामीणों ने कुछ सप्ताह पहले प्रखंड कार्यालय में आयोजित जनता दरबार में भी अपनी समस्याओं को लेकर लिखित आवेदन सौंपा था। इसके बावजूद ग्रामीणों का आरोप है कि अब तक जमीनी स्तर पर कोई ठोस सुधार नहीं हुआ है। उनका कहना है कि अगर गांव में सड़क और मोबाइल नेटवर्क की सुविधा होती, तो आधी रात में एक बीमार महिला को खटिया पर ढोकर सड़क तक ले जाने की नौबत नहीं आती।

ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द गांव में सड़क, मोबाइल नेटवर्क और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न पैदा हो।

Share via
Share via