मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड पुलिस को दी बड़ी सौगात: 1477 नए वाहनों को दिखाई हरी झंडी, 12 अत्याधुनिक थानों का शिलान्यास
रांची : झारखंड में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को रांची स्थित झारखंड विधानसभा परिसर से पुलिस विभाग के लिए 1477 नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर विभिन्न जिलों के लिए रवाना किया। साथ ही, राज्य में 12 नए अत्याधुनिक पुलिस थानों का ऑनलाइन शिलान्यास भी किया गया।
इन वाहनों में 628 चार पहिया वाहन (मुख्य रूप से बोलेरो) और 849 दोपहिया वाहन (मोटरसाइकिल) शामिल हैं। सरकार का मुख्य उद्देश्य शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस पेट्रोलिंग को अधिक प्रभावी और तेज बनाना है, ताकि अपराध पर त्वरित नियंत्रण संभव हो सके।
खासकर नक्सल प्रभावित और दूरदराज के इलाकों में क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) को इन नए वाहनों से बड़ी मदद मिलेगी। इससे पुलिस किसी भी घटनास्थल पर जल्दी पहुंच सकेगी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मजबूती आएगी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा, “आज अपराध की घटनाओं में नई-नई तकनीकों का इस्तेमाल हो रहा है, इसलिए पुलिस व्यवस्था में भी लगातार बदलाव और सुधार जरूरी हैं। शहर से लेकर गांव तक होने वाली हर घटना पर लगाम लगाना पुलिस की जिम्मेदारी है। ये नए वाहन और थाने पुलिस को और सशक्त बनाएंगे।”


















