LPG संकट पर राजद का मोदी सरकार पर हमला … ‘झूठा आश्वासन बंद करे केंद्र, तुरंत दूर करे गैस की किल्लत’
देश में एलपीजी गैस सिलेंडर की कथित किल्लत को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। प्रदेश राजद प्रवक्ता कैलाश यादव ने शुक्रवार (13 मार्च 2026) को बयान जारी कर कहा कि मोदी सरकार गैस संकट पर झूठा आश्वासन देने के बजाय जल्द से जल्द लोगों की परेशानी दूर करे।
कैलाश यादव ने कहा कि देशभर में घरेलू और कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कमी से आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई जगहों पर उपभोक्ताओं द्वारा हफ्तों पहले बुकिंग कराने के बावजूद गैस एजेंसियों की ओर से सिलेंडर की डिलीवरी नहीं हो पा रही है, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों और अंतरराष्ट्रीय हालात को लेकर स्पष्ट रुख नहीं होने की वजह से देश में तेल और गैस की आपूर्ति प्रभावित हो रही है। यादव ने कहा कि पिछले करीब 15 दिनों से ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच चल रहे युद्ध का असर भारत पर भी पड़ रहा है, लेकिन केंद्र सरकार इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए है।
राजद प्रवक्ता ने कहा कि मार्च का महीना त्योहारों और शादी-ब्याह का समय होता है। एक ओर मुसलमानों का पवित्र रमजान चल रहा है तो दूसरी ओर हिंदुओं का प्रमुख पर्व रामनवमी भी आने वाला है। ऐसे समय में घरेलू गैस की किल्लत से खासकर गृहणियों की परेशानी बढ़ गई है।
उन्होंने कहा कि कई जगहों पर लोग गैस सिलेंडर लेने के लिए घंटों लाइन में लगने को मजबूर हैं। स्थिति चिंताजनक है और सरकार को तुरंत वैकल्पिक व्यवस्था कर गैस आपूर्ति सुचारू करनी चाहिए।
कैलाश यादव ने केंद्र सरकार से मांग की कि एलपीजी संकट की वास्तविक स्थिति स्वीकार की जाए और जल्द से जल्द प्रभावी कदम उठाकर देशवासियों को राहत दी जाए।
















