सिमडेगा में प्रकृति पर्व सरहुल की धूम मांदर की थाप पर थिरके लोग, भव्य शोभायात्रा से भक्तिमय हुआ शहर
सिमडेगा में प्रकृति पर्व सरहुल की धूम मांदर की थाप पर थिरके लोग, भव्य शोभायात्रा से भक्तिमय हुआ शहर

सिमडेगा जिले में प्रकृति के प्रति अटूट आस्था का महापर्व सरहुल शनिवार को बेहद हर्षोल्लास और पारंपरिक गरिमा के साथ मनाया गया। केंद्रीय सरना समिति के नेतृत्व में आयोजित इस उत्सव में पूरा शहर आदिवासी संस्कृति के रंगों में सराबोर नजर आया।
उत्सव का मुख्य केंद्र सलडेगा सरहुल सरना स्थल में पहान बाबूलाल उराँव और पुजार बिरसा मुंडा ने विधिवत पूजा संपन्न कराई।
पूजा की शुरुआत रीति-रिवाजों के अनुसार स्थल की परिक्रमा के साथ हुई। पाहन ने प्रकृति देवताओं की आराधना कर क्षेत्र की सुख, समृद्धि और शांति की कामना की। इस अवसर पर एक खास परंपरा निभाई गई, जिसमें पाहन ने सभी उपस्थित भक्तों को गुलाल का टीका लगाया और उनके कान में सखुवा (साल) का फूल खोंसा, जो प्रकृति और मानव के गहरे संबंध का प्रतीक है।
भव्य शोभायात्रा पूजा के पश्चात सलडेगा सरना स्थल से एक विशाल शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा सलडेगा चौक, प्रिंस चौक, झूलन सिंह चौक और महावीर चौक होते हुए नीचे बाजार पेट्रोल पंप तक पहुंची, जहाँ से वापस लौटकर पानी टंकी स्थित सरना स्थल पर संपन्न हुई।शोभायात्रा में शामिल युवतियां और महिलाएं पारंपरिक सफेद और लाल पाड़ की साड़ियों में मांदर की थाप पर थिरकती नजर आईं।
सरहुल के गीतों ने पूरे वातावरण में उमंग और उत्साह घोल दिया। केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष हरिचंद भगत ने कहा कि यह पर्व पृथ्वी माता के प्रति सम्मान व्यक्त करने का माध्यम है, जो समाज में एकता और भाईचारे का संदेश देता है।
शोभायात्रा में एसडीओ प्रभात रंजन ज्ञानी, एसडीपीओ बैजू उरांव, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पलटू महतो सहित केंद्रीय सरना समिति के सचिव विजय उरांव, लहरू सिंह, कौशल राज सिंह देव, विजय उरांव,माघी उरांव,प्रदीप उरांव,सुबोध उरांव,खुनवा उरांव,संजय उरांव,जगमोहन,आनन्द मांझी, विनोद,रबिन्द्र भगत,ललिता उरांव, रूप अगुस्तिना किंडो,सरस्वती,नीलिमा कुजूर,अनुपमा,रूपवंती उरांव, सोनी देवी,अंजलीना बरला,मारिया केरकेट्टा, मनकी उरांव,सुनीता कच्छप, सुस्मिता बरला,सुमित्रा टोप्पो,बसंती उरांव,सरो कुमारी,बाबूलाल पहान, बिरसा मुंडा,शंकर भगत,संजीत तिर्की,संजय उरांव सहित सैकड़ों सरना धर्मावलंबी भाई बहनों ने प्रार्थना व पूजा में भाग लिया।और बड़ी संख्या में महिला नेत्रियां व ग्रामीण उपस्थित थे।
सरहुल शोभयात्रा के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। थाना प्रभारी रोहित रजक के नेतृत्व में पुलिस बल और जिला प्रशासन के अधिकारी पूरी मुस्तैदी के साथ व्यवस्था संभालने में जुटे रहे।
नरेश शर्मा

















